भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने इंदौर, भोपाल, जबलपुर के बाद छिंदवाडा, बैतूल, खरगोन और रतलाम को भी रविवार के दिन पूरी तरह लाॅकडाउन कर दिया है। मध्यप्रदेश गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में इन सात शहरों में कोरोना पीडितों की संख्या में निरंतर बढोतरी को लेकर यह निर्णय लिया है।
अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा के आदेश के मुताबिक जिन शहरों में औसत 20 से अधिक कोरोना मरीज मिल रहे हैं उन शहरों में शादी में 50, शवयात्रा में 20 व्यक्ति ही शामिल हो सकेंगे। क्लब, स्वीमिंग पुल, सिनेमाघर यहां बंद रहेंगे। यहां उठावना, मृत्युभोज के कार्यक्रम प्रतिबंधित रहेंगे। रेस्टारेंट में बैठकर खाने पर प्रतिबंध रहेगा परंतु वे टेक अवे भोजन प्रदाय कर सकेंगे। इन जिलों में क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी रात 8 बजे से भी लाकडाउन लागू कर सकती है। साथ ही धार्मिक स्थलों को बंद करने का निर्णय भी कमेटी कर सकेगी।
मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण पिछले 24 घण्टे में 1712 मिले है। जिन 13 जिलों में रोजाना 20 से ज्यादा कोरोना मरीज मिल रहे हैं, वहां के लिए कई पाबंदियां लगा दी गई हैं। यहां गुरुवार से सिनेमा, स्वीमिंग पूल फिर बंद हो जाएंगे। रेस्टोरेंट खुलेंगे लेकिन बैठकर खाना नहीं खा सकेंगे, पैकिंग कराकर घर ले जा सकेंगे। इन 13 जिलों में सार्वजनिक होली मनाने पर भी पाबंदी लगा दी गई है। इनमें इंदौर, भोपाल, जबलपुर के अलावा ग्वालियर, उज्जैन, विदिशा, उज्जैन, सागर, खरगोनन, बैतूल, छिंदवाड़ा, बुरहानपुर व बड़वानी भी शामिल हैं।
कोरोना पीडितों की संख्या ग्वालियर में भी बढने से ग्वालियर में भी लाॅकडाउन की स्थिति बनती जा रही है। इस वर्ष होली का त्यौहार घर में ही मनाना पडेगा।
कोरोना से बिगड़ते हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने ज्यादा शहरों में लॉकडाउन के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा, जिस तरह से कोरोना केस लगातार बढ़ रहे हैं, इसे गंभीरता से लेने की जरूरत है। ऐसे में संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए सख्त कदम उठाने पड़ेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इंदौर में 477 नए संक्रमित मिले हैं, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा हैं। इसी तरह भोपाल में 385 पॉजिटिव मिले हैं। जबलपुर में भी कोरोना की रफ्तार बढ़ रही है। यहां एक दिन में 143 नए संक्रमित मिले हैं।
