दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया शहर के चुनगर फाटक पर रहने वाली कांग्रेस महामंत्री ने अपनी ही पार्टी के शहर कांग्रेस अध्यक्ष पर शारीरिक शोषण करने और 17 लाख रुपए हडपने का आरोप लगाया। महिला ने इसकी शिकायत प्रदेश के सामान्य प्रशासन एवं सहकारिता मंत्री व दतिया जिले के प्रभारी मंत्री डा. गोविंद सिंह से की है। प्रभारी मंत्री ने कार्रवाई के लिए एसपी दतिया को लिखा। वहीं एसपी ने मामले की जांच एएसपी को सौंपी है।
महिला ने दो अक्टूबर को प्रभारी मंत्री डॉं. गोविन्द सिंह को दिए आवेदन में उल्लेख कर बताया कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश उसके पति का मित्र था इसलिए घर आना जाना था। महिला के पति की मौत के बाद सुरेश ने महिला को अपने चंगुल में फंसा लिया और जीवन पर्यंत तक साथ देने का वायदा कर आर्थिक, शारीरिक एवं मानसिक शोषण किया।
शहर अध्यक्ष ने महिला से ठेकेदारी एवं व्यापार करने के नाम पर 17 लाख रुपए लिए। यह रुपया महिला के पति एवं ससुराल की प्रॉपर्टी का था। सुरेश ने पैसा लेते वक्त महिला से कहा था कि ये रुपया वह लौटा देगा। सुरेश ने महिला को सात व 10 लाख के चेक दिए जोकि फर्जी निकले। महिला के बार-बार रुपए मांगने पर भी नही लौटाए। साथ ही जातिगत अपमानित किया और जान से मारने की धमकी भी दी।
महिला ने आवेदन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष से रुपए वापस दिलाने ओर खुद की सुरक्षा किये जाने की गुहार लगाई। इसमें एसपी डी. कल्याण चक्रवर्ती ने कहा कि दो अक्टूबर को चेक बाउंस वाला मामला आया था जिसकी जांच एएसपी आरडी प्रजापति द्वारा की जा रही हैं। जांच के बाद कार्रवाई होगी।
