भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ने से सरकार युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुटी है। रविवार को पन्ना के सभी नगरीय क्षेत्रों में 15 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला लिया गया। गुना, अनूपपुर, मंडला जिले के सभी नगरीय क्षेत्रों और देवास शहर में 19 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने निवास पर कोरोना को लेकर एक इमरजेंसी बैठक बुलाई है, इसमें मंत्री और कई अधिकारी भी हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। कोरोना की संक्रमण की स्थितियों पर विचार होगा। सभी राजनैतिक दलों को वर्चुअली आमंत्रित किया गया है। ये कोरोना संक्रमण से निपटने की लड़ाई जनता के सहयोग के बिना नहीं लड़ी जा सकती है। िशवराज ने कहा कि प्रदेशव्यापी लॉकडाउन नहीं लगेगा। आर्थिक गतिविधियां चालू रहेंगी, ताकि लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित न हो। जनता के सक्रिय सहयोग से और व्यवस्थाएं बनाकर हम इस बीमारी से लड़ रहे हैं और विश्वास है कि हम जल्द ही इस पर काबू पाएंगे।
सीएम का कहना था कि क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप ने जनप्रतिनिधियों और जनता से संवाद किया तो लोगों ने स्वयं आगे आकर कहा कि हम अपने यहां जनता कर्फ्यू लगाएंगे। संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए स्वत: स्फूर्त भावना से लोग जनता कर्फ्यू को सफल बनाने में सहयोग दे रहे हैं।
इससे पहले रविवार सुबह भोपाल के बागसेविनया थाने में पदस्थ एसआई कुंजीलाल सेन का कोरोना से निधन हो गया। इसके अलावा, देवास के बीएनपी थाने में पदस्थ एएसआइ अशोक पटेल (52) की कोरोना से मौत हो गई। उनका इंदौर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था।
भोपाल में सात दिन का लॉकडाउन बढ सकता है
भोपाल जिले में एक सप्ताह का लॉकडाउन और बढ़ाया जा सकता है। इसके लिए जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक रविवार को कंट्रोल रूम में रखी गई है। बैठक में निर्णय लिया जाएगा कि आगे लॉकडाउन लगाया जाना चाहिए या नहीं। प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था भी बनाकर तैयार कर ली है। इसके तहत कोलार के बाद गोविंदपुरा और बैरागढ़ को कंटेनमेंट घोषित कर यहां लॉकडाउन लगाया जाएगा, ताकि संक्रमण ज्यादा न फैले। शनिवार को भोपाल में 793 कोरोना संक्रमित मरीजों मिले थे।
