मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर के सोमवार रात राजस्थान के भीलवाडा-कोटा राजमार्ग पर हुए एक सडक हादसे में मंदसौर के रहने वाले एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतक शादी समारोह में शामिल होने भीलवाडा गए थे और समारोह के बाद वहां से एक जीप में सवार होकर मंदसौर लौट रहे थे। मृतकों में तीन महिलाएं और 6 पुरुष शामिल है।
जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार रात 11 बजे भीलवाडा-कोटा राजमार्ग पर त्रिवेणी व बीगोद के बीच हुआ। यहां ओवरटेक करने के चक्कर में रोडवेज की बस सामने से आ रही जीप से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप के परखच्चे उड गए।
जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार लोग मंदसौर जिले की भानपुरा तहसील के पास संधारा गांव के निवासी त्रिलोक पंडित परिवार के हैं। ये शादी समारोह में शामिल होकर वापस गांव लौट रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही संधारा से कुछ लोग भीलवाड़ा के लिए सोमवार रात में ही रवाना हो गए थे। मंगलवार को मृतकों के शवों को मंदसौर लाया जा रहा है।
