ग्वालियर। विवाह समारोह में हर्ष फायर से होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा हर्ष फायर करने वालों के वीडियो फुटेज माँगे गए हैं। ऐसे फुटेज उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा 10 हजार रूपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया जायेगा।
कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा है कि विवाह सहित अन्य समारोह में कुछ व्यक्तियों द्वारा लायसेंसी और गैर लायसेंसी हथियारों के माध्यम से हवाई फायर किए जाते हैं। जिनके कारण अनेक बार गंभीर दुर्घटनायें हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान भी चली जाती है। जिला प्रशासन द्वारा विवाह, चल समारोह में हर्ष फायर को रोकने के लिये पूर्व में भी आदेश जारी किए जा चुके हैं। इसके बाबजूद भी अनेक बार इस आदेश के उल्लंघन की सूचनायें जिला प्रशासन को प्राप्त होती रहती हैं। इस प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिये किसी भी कार्यक्रम में हर्ष फायर करने वाले व्यक्ति का वीडियो फुटेज तैयार कर अगर कोई व्यक्ति जिला प्रशासन को उपलब्ध करायेगा, तो ऐसे व्यक्ति को प्रोत्साहन स्वरूप उक्त पुरस्कार राशि प्रदान की जायेगी। साथ ही वीडियो फुटेज उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति का नाम और व्यक्तिगत जानकारी भी गोपनीय रखी जायेगी।
