भोपाल ! प्रदेश के महाकौशल और ग्वालियर अंचल में आज कई जगह तेज बारिश के साथ ओले गिरे। डिंडोरी के छिवली गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। कटनी में ओले गिरने से एक व्यक्ति की आंख फूटने की भी खबर है।
उधर शहडोल में बिजली गिरने से 40 से अधिक मवेशियों की मौत की खबर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कटनी में तेज बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे सड़कों पर बर्फ की मोटी परत बिछ गई। इस दौरान सुबह स्थानीय वन खेल ग्राउण्ड में कसरत कर रहे अहमद सिद्दकी की ओले गिरने से आंख फूट गई। अहमद सिद्दकी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी आंख में टांके लगा कर मरहम पट्टी की गई। छिंदवाड़ा जिले के कई स्थानों पर भी बारिश के साथ ओले गिरने की खबर है।
कटनी में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश में नींबू के आकार के ओले गिरे, सुबह-सुबह हुई इस आलोवृष्टि से घरों में आराम कर रहे लोग घबराकर बाहर आ गए। और जब बाहर नजारा देखा तो सड़कों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई थी। और काफी देर तक ओलावृष्टि हुई। वहीं शहडोल में बारिश के साथ आम के पेड़ पर बिजली गिरने से इस पेड़ के नीचे खड़े 42 मवेशियों की मौत हो गई। ग्वालियर से मिली जानकारी के अनुसार आज शहर मुरार और लश्कर इलाके के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ-साथ ओले भी गिरे। वहीं इस अंचल के अन्य क्षेत्रों में भी बारिश और ओलावृष्टि होने के समाचार हैं।
