ग्वालियर। कला और प्रतिभा को छुपा कर नहीं रखा जा सकता, इसमें आप जितना भी अपना हुनर उपयोग करेंगे तो यह उसकी चौगुनी गति से फैलती है। उक्त उदगार आज एडीशनल डीजीपी राजाबाबू सिंह ने व्यक्त किये। वह शासकीय फाईन आर्टस कॉलेज में आर्टस फेयर का शुभारंभ कर रहे थे। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर कर्मचारी राज्य बीमा चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. सी.एस. जायसवाल भी उपस्थित थे।
एडीजीपी राजाबाबू सिंह ने पूर्व में दीप प्रज्जवलित कर आर्टस फेयर का शुभारंभ किया। उन्होंने छात्र छात्राओं द्वारा बनाई गई विभिन्न कलाकृतियों व चित्रों का भी अवलोकन किया। राजाबाबू सिंह ने कहा कि कला और कलाकारों को मंच मिलना जरूरी है और फाईन आर्टस कॉलेज ने आर्टस फेयर का आयोजन कर सराहनीय कार्य किया है। इससे यहां अध्ययनरत छात्र छात्राओं का उत्साहवर्धन होगा।
कर्मचारी राज्य बीमा चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. सीएस जायसवाल ने भी छात्र छात्राओं द्वारा आयोजित आर्टस फेयर की जमकर प्रशंसा की। इस अवसर पर फाईन आर्टस के छात्र छात्राओं ने अपनी कला को बेहतर ढंग से विभिन्न कलाकृतियों में उकेरा हैं। जिसे देखकर अतिथि व अन्य आगंतुक आश्चर्यचकित रह गये। आर्टस फेयर में कॉलेज के निदेशक मधुसूदन शर्मा, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष विनय अग्रवाल सहित शिक्षकगण ओमेन्द्र वर्मा, मनीष चंदेरिया, अनूप शिवहरे, केदार सिंह, सोमेश सोनी, वर्षा पटेल, मनोज माहौर, जुगलेश, संजू यादव, प्राचार्य कमलेश ओहदार आदि उपस्थित थे।
