ग्वालियर। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित हाईस्कूल और हायर सेकंडरी की परीक्षा में नकल रोकने के जिला प्रशासन एवं शिक्षा मकहमे के सभी प्रयास असफल होते नजर आ रहे हैं। आज हायर सेकंडरी का विशिष्ट हिन्दी का पेपर था। नयागांव परीक्षा केन्द्र पर नकल चलने को लेकर केन्द्राध्यक्ष रामेन्द्रसिंह कुशवाह व इनविजीलेटर (वीक्षक) किशनपाल सिंह को छात्रों की सर्चिंग में लापरवाही बरतने के कारण कलेक्टर इलैया राजा टी ने निलंबित कर दिया है। इसी प्रकार बरोही स्कूल में पदस्थ क्लर्क प्रदीप भटेले जो गायत्री डीएड परीक्षा केन्द्र पर नकल कराते पकडे जाने पर उनको भी कलेक्टर ने निलंबित कर दिया है। प्रदीप भटेले के खिलाफ भिण्ड देहात थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। परीक्षा के दौरान भारी अनियमितताओं के कारण टेहनगुर का परीक्षा केन्द्र वहां से हटाकर नयागांव रामाधार प्राइवेट स्कूल में कर दिया गया है। परीक्षा में चैकिंग ठीक से नहीं करने व जानबूझकर लापरवाही बरतने पर कलेक्टर इलैया राजा टी ने भिण्ड एसडीएम बीबी अग्निहोत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया हैं। कलेक्टर ने साफ निर्देश दिए है कि परीक्षा में जो भी लापरवाही बरतेगा उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी एसएन तिवारी ने बताया कि आज भिण्ड जिले में 212 परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकडा गया है। जिसमें भिण्ड ब्लॉक में 89, अटेर में 99, मेहगांव में 15 व गोहद में 9 परीक्षार्थी पकडे गए है। रौन व लहार ब्लॉक में एक भी छात्र नकल करते नहीं पकडा गया है। जिन परीक्षा केन्द्रों पर नकल पकडी जाएगी तो उस परीक्षा केन्द्र के केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष व पर्यवेक्षकों के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *