ग्वालियर। माध्यमिक शिक्षा मण्डल की आज हाईस्कूल के प्रथम प्रश्न-पत्र में 174 नकलची छात्रों को पकडा गया है। जिला प्रशासन की इतनी अधिक शक्त कार्यवाही के बाद भी शा.उ.मा. विघालय पीपरी में परीक्षा के दौरान नकल कराते पकडे गए पर्यवेक्षक प्रहलाद सिंह लोहिया को कलेक्टर इलैया राजा टी ने निलंबित कर दिया है। मोरकुटी स्कूल में लगाई गई ड्यूटी में पर्यवेक्षक विवेकानंद जादौन व वीरभान सिंह अनुपस्थित रहने के कारण निलंबित किया गया है। अटेर क्षेत्र के सुरपुरा परीक्षा केन्द्र पर 32 फर्जी परीक्षार्थियों को पकडा है जो पैसे लेकर अन्य छात्रों की परीक्षा दे रहे थे।
जिला कलेक्टर इलैया राजा टी, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (आईएएस) प्रवीण सिंह की नकल रोकने की मंशा ऐसा लगता ह किै सफल हो गई। शिक्षा माफिया को इसमें करोडों रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। जो छात्र परीक्षा में पास होने के बदले मुॅंह मांगा पैसा देते थे इस बार नकल नहीं चलने के कारण वे परीक्षा ही देने नहीं आए है। मध्यप्रदेश का भिण्ड जिला जो नकल के लिए बदनाम है इस बार प्रशासन ने इस कलंक को मिटाने का वीणा उठाया और दो माह पहले से नकल रोकने के लिए प्रयास शुरु किए इसका नतीजा है कि आज नकल पर शत-प्रतिशत तो रोक नहीं लगी, लेकिन काफी हद तक अंकुश लग गया है। आज हाईस्कूल में 50 हजार 862 परीक्षार्थियों को परीक्षा देना थी, लेकिन करीवन 13 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे।
भिण्ड जिले में उत्तरप्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब के अलावा मध्यप्रदेश के ग्वालियर, श्योपुर, दतिया, भोपाल, इन्दौर, जवलपुर, सागर, दमोह के तमाम छात्र पास होने की गारण्टी के साथ परीक्षा देने आते है। निजी स्कूल के संचालक उन्हें नकल कराकर उनसे बडी राशि बसूलते है। सेवानिवृत जिला शिक्षा अधिकारी गोपाल सिंह भदौरिया ने बताया कि जिला प्रशासन के सख्त रवैया के चलते छात्रों को लगा कि नकल नहीं चल रही तो परीक्षा देते समय नकल के ठेकेदारों को पैसा देना पडेगा और नकल नहीं कर पाने के कारण वह फेल हो जायेंगे। छात्रों ने सोचा पास तो हो नहीं पाऐंगे उल्टा पैसा भी बेकार चला जाएगा इससे परीक्षा ही न दी जाए तो उनका पैसा तो बच जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी एसएन तिवारी ने बताया कि जो परीक्षार्थी आज परीक्षा देने नहीं आए वो भिण्ड के न होकर अन्य प्रदेश के होंगे। उनको लगा कि नकल नहीं हो रही तो परीक्षा देने का कोई मतलव नहीं है। कुछ छात्र वो भी होंगे जो फर्जी होंगे जो पैसे लेकर किसी दूसरे छात्र की परीक्षा देने वाले होंगे। आज 13 हजार के करीवन छात्र परीक्षा में अनुपस्थित रहे है। ये छात्र कहां के थे परीक्षा देने क्यों नहीं आए परीक्षा बाद जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *