जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में कोरोना की रफ्तार थमने का नाम ही नहीं ले रही है। हर दिन पिछले दिन से ज्यादा संक्रमित मिलते जा रहे हैं। शुक्रवार को प्राप्त हुई 2812 सैंपल रिपोर्ट में से 798 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं कोरोना संक्रमण की वजह से पिछले 24 घंटे में 7 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। इसी के साथ जिले में कोरोना संक्रमितों को आंकड़ा 25 हजार 744 हो गया है और कुल 318 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। एक्टिव केस की संख्या 5102 है और होम आइसोलेशन में 3725 लोग हैं।

जिले में तेजी से बढ़ते पॉजिटिव केस के साथ-साथ लोगों के ठीक होने की दर भी रोज कम होती जा रही है। पिछले 17 दिनों में रिकवरी 10.5 प्रतिशत तक गिर गया है, जो चिंता का विषय है। 31 मार्च को रिकवरी रेट 91.92 प्रतिशत था जो 16 अप्रैल की शाम को घटकर 82.41 प्रतिशत पर आ गया है।

मरीजों की बढ़ती संख्या और भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने कलेक्ट्रेट में बैठक ली। इस बैठक में आगे बनाए जाने वाले कोविड केयर सेंटर्स को लेकर चर्चा की गई । कोविड केयर सेंटर्स में क्या सुविधाएं होंगी और मानव संसाधन के साथ-साथ ऑक्सीजन की व्यवस्था कैसी होगी, इसपर चर्चा हुई। बैठक में मौजूद रहे एसडीएम नमः शिवाय अरजरिया ने बताया कि अभी कोविड केयर सेंटर के लिए चार जगह चिन्हित की गई हैं। जिसमें दादा वीरेंद्रपुरी नेत्रालय तिलवारा में डेढ़ सौ बिस्तरों का, सिंधु भवन ओमती में 80 बिस्तरों का और गुजराती धर्मशाला मढ़ाताल और अग्रसेन मंडपम विजय नगर में सौ-सौ बिस्तरों का कोविड केयर सेंटर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सिंधी समाज द्वारा सौ कोविड मरीजों व स्टाफ के लिए रक्षा वाहिनी द्वारा अपने खर्चे से भोजन देने की बात भी कही गई है। इसी प्रकार अग्रवाल समाज ने भी आपदा के समय ऑक्सीजन सहित अन्य आवश्यक सहयोग देने की इच्छा जाहिर की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *