इंदौर। शहर में कोरोना की चिंताजनक हालत जाहिर करते हुए कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला मीडिया के सामने भावुक हो गए। इंदौर प्रेस क्लब में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भाजपा के लोग उनकी सेवा को नौटंकी बता रहे हैं। मेरा बेटा अस्पताल में है, लेकिन मैं शहर के लोगों की चिंता में अस्पताल-अस्पताल जा रहा हूं। आॅक्सीजन की व्यवस्था कर रहा हूं। शुक्ला ने कहा कि कोरोना की व्यवस्थाओं में प्रशासन उनका साथ नहीं दे रहा है। शुक्ला ने इसके साथ यह चेतावनी भी दी कि यदि दो दिनों में शहर में आक्सीजन और इंजेक्शन के साथ इलाज की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो वे आत्मदाह कर लेंगे।
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और क्षेत्र क्रमांक एक के विधायक संजय शुक्ला शुक्रवार को मीडिया से रूबरू थे। शहर की ऐसी स्थिति आ गई है। बीमारी से परिवार के परिवार उजड़ रहे हैं। ऐसे में हालात सुधारने पर ध्यान नहीं दिया तो दो दिन में मैं आत्मदाह कर लूंग। पत्रकारों से शुक्ला ने कहा कि अस्पतालों में बेड नहीं है, जीवन रक्षक इंजेक्शन नहीं हैं, आक्सीजन है नहीं। ऐसे हालात में भी भाजपा से एक भी आदमी आगे नहीं आ रहा है। कोई काम करने को तैयार नहीं है। मैं अकेला कितना करूं। मैं रात-रातभर शहर के हालातों को लेकर सोचता रहता हूं। मुझे रात-रातभर नींद नहीं आती है। मेरे परिवार से दूर होने के बाद भी मैं दिन-रात इसी कोशिश में लगा हूं कि कैसे लोगों को बचाया जा सके। मेरा खुद का बेटा अस्पताल में है, इसके बाद भी मैं लोगों की सेवा कर रहा हूं।
विधायक शुक्ला ने कहा कि मेरे परिवार में 80 लोग हैं, बावजूद इसके मैं घर के बाहर रह रहा हूं। बाहर खाना खा रहा हूं। मुझे खाना कैसे मिल रहा है, मैं ही जानता हूं। मेरा बच्चा अस्पताल में भर्ती है, इसके बाद भी मैं आम जनता की लड़ाई लड़ रहा हूं। हर अस्पताल में जा रहा हूं। हर जगह जा रहा हूं, लोग मेरे साथ जा रहे हैं, लेकिन इंदौर का प्रशासन नहीं जाग रहा है। कलेक्टर-एसडीएम फोन नहीं उठाते। हमें एक भी इंजेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं। हम चेक दे रहे हैं, अस्पताल दे रहे हैं, आक्सीजन दे रहे हैं, हमसे और क्या चाहिए। अब जान भी ले लो हमारी। मैं जनता के लिए जान भी देने को तैयार हूं। इसके बाद भी भाजपा के लोग मुझे बदनाम कर रहे हैं। कहते हैं कि मैं नौटंकी कर रहा हूं। मैं यदि नौटंकी कर रहा हूं तो अपने घर पर मैं बैठ सकता हूं। जनता देख रही है। जनता इसका जवाब देगी।
