टीकमगढ़। कोरोना पुलिसकर्मियों पर कहर बरपा रहा है। दूसरी लहर में कोरोना ने कई पुलिस अफसरों की जान ली है। टीकमगढ़ जिले में पदस्थ प्रधान आरक्षक शहजाद अली की कोरोना से मौत हो गई है। वह पांच दिन पहले कोरोना से संक्रमित हुए थे। हालात बिगड़ने के बाद सोमवार की रात भोपाल रेफर किया गया था। मंगलवार की सबुह उनका निधन हो गया है। इसके बाद शासन की गाइडलाइन के अनुसार उनको सुपुर्द ए खाक किया गया है। टीकमगढ़ पुलिस लाइन में पदस्थ जवानों ने पीपीई किट पहनकर उन्हें सलामी दी है। इस दौरान पुलिस के बड़े अफसर भी मौजूद रहे हैं। वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम थी। दरअसल, जिले में टीकमगढ़ पुलिस के कई लोग संक्रमित हैं।

टीकमगढ़ एसपी प्रशांत खरे ने बताया कि कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उन्हें कब्रिस्तान में दफनाया गया है। पीपीई किट में जवानों ने उन्हें सलामी दी है। इस दौरान उनके परिजन दूर ही खड़े थे। हेड कॉन्स्टेबल शहजाद अली ड्यूटी के दौरान ही संक्रमित हुए थे। गौरतलब है कि टीकमगढ़ में भी कोरोना की दूसरी लहर बेकाबू है। सोमवार को वहां 253 संक्रमित मरीज मिले थे। साथ ही चार मरीजों की मौत भी हुई थी। ऐसे में शहर में कोरोना कर्फ्यू लागू है। पुलिस के लोग लगातार शहर में ड्यूटी कर रहे हैं। साथ ही लोगों को घरों में रहने की अपील कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *