खंडवा। खंडवा में पुलिस की हैवानियत सामने आई है। यहां कोरोना संक्रमित के घर पहुंचे चार पुलिसकर्मियों ने पॉजिटिव मरीज और उसके परिजन को जमकर लाठी-डंडों से पीटा। बताया जा रहा है, स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमित युवक को लेने उसके घर पहुंची थी। यहां विवाद के बाद टीम ने पुलिस बुला ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने न सिर्फ संक्रमित, उसके माता-पिता और बहन पर जमकर डंडे बरसाए, बल्कि परिजन के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस भी दर्ज कर लिया। कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने छैगांवमाखन थाने का घेराव कर दिया। किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।

मामला थाना छैंगांवमाखन के गांव सिरसोद बंजारी का है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार दिन पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम उक्त परिवार में युवक का सैंपल लेने आई थी। रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम युवक को लेने के लिए घर पहुंची। परिजन ने कहा- बेटा घर पर रहकर ही स्वस्थ हो जाएगा। क्योंकि संक्रमित युवक की मां खुद आशा कार्यकर्ता है। इसी बात पर स्वास्थ्यकर्मियों व परिजन के बीच कहासुनी हो गई। इस बीच स्वास्थ्यकर्मियों ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने संक्रमित युवक व परिजन को घर से निकाला और लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पंधाना व देशगांव पुलिस भी मौके पर पहुंची। इधर, स्थानीय पंधाना विधायक राम दंगोरे का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई गलत है। सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित करवाएंगे। पुलिस के अनुसार पहले उनके साथ हाथापाई की गई। इसके बाद उन्होंने डंडे मारे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *