भोपाल। राजधानी भोपाल में जिला प्रशाससन ने शुक्रवार शाम 6 बजे से 60 घंटे का टोटल लॉकडाउन लगाया है। अब तक 48 घंटे में पुलिस ने करीब 350 लोगों के विरुद्ध धारा 188 (महामारी एक्ट) के तहत कार्रवाई की है। जिले में करीब 3 हजार से ज्यादा पुलिस अधिकारी/कर्मचारी ड्यूटी कर रहे हैं। ये करीब 200 से ज्यादा स्थानों पर नाकाबंदी/बैरीकैडिंग कर विशेष चेकिंग और पेट्रोलिंग भी कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि 20 मार्च से अब तक करीब 1 हजार लोगों के विरुद्ध धारा 188 के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा, सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क नहीं पहनने वाले करीब 6 हजार लोगों के विरुद्ध की चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि 100 से ज्यादा मोबाइल पार्टियां अनाउंसमेंट कर लोगों को कोरोना की रोकथाम के लिए शासन की गाइडलाइन का पालन करने की अपील कर रही हैं। लोगों से कहा जा रहा है कि बेवज़ह कोई भी व्यक्ति बाहर ना निकलें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क अनिवार्य रूप से पहनें। कोरोना की गाइडलाइन का पालन करें। सार्वजनिक स्थानों पर बगैर मास्क के घूमने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि 11 अप्रैल को लॉकडाउन के दौरान बेवजह बाहर घूमने वालों, बगैर मास्क के घूमने वाले करीब 150 लोगों के विरुद्ध धारा 188 की कार्रवाई की गई है।
