मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के जौरा थाने में शनिवार को जब्त किए हुए पटाखे रखते समय अचानक विस्फोट हो गया। धमाके में तीन पुलिसकर्मी सहित चार लोग घायल हो गए। घायल आरक्षकों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे ग्वालियर रेफर किया गया। विस्फोट इतना तेज था कि थाने के कमरों में लगी खिडकियों के कांच टूट गए। आरक्षक गुल्थूराम के हाथ-पैर और चेहरे पर कांच के टुकडे लगे हैं। वहीं आरक्षक विकास शर्मा बारूद से झुलस गया।
दीवाली पर गैर कानूनी तरह से बेचे जा रहे पटाखे को पुलिस द्वारा जब्त किया जा रहा है। इन पटाखों को थाने में रखने के लिए उचित जगह या सुरक्षित जगह होना चाहिए। जिससे इन पटाखों में विस्फोट होने से कोई हादसा नहीं हो। लेकिन मुरैना जिले के जौरा में इस तरह की लापरवाही सामने आई है। विस्फोट के दौरान थाने के कक्ष में रखा सामान भी टूट-फूट गया।
दीपावली के मद्देनजर पुलिस ने जिले में अवैध रूप से बनाई गई आतिशबाजी व पटाखों को जब्त करने का अभियान शुरू किया है। इसी के तहत जौरा पुलिस को सूचना मिली कि इस्लामपुरा में रहने वाला नरेश खान अवैध रूप से आतिशबाजी तैयार कर रहा है। पुलिस ने शनिवार नरेश के घर पर छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर पटाखों को जब्त कर लिया। पटाखों को वाहन से पुलिस थाने लाई। जब वे थाने के पीछे के कक्ष में जब्त पटाखों को रख रहे थे, तभी विस्फोट हो गया।
विस्फोट के दौरान आरक्षक जितेन्द्र सिंह गुर्जर, विकास शर्मा, गुल्थूराम घायल हो गए। थाने में किसी काम से आया लोडिंग ड्राइवर राजस्थान निवासी रामदेव भी चोटिल हो गया। घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन जितेन्द्र की हालत गंभीर होने से उसे ग्वालियर रेफर किया गया है।
