जबलपुर | मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में अवैध करोबार व लड़कियों से बढ़ती छेड़छाड़ के विरोध में ज्ञापन सौंपने गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसमें छह कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। बताया गया है कि घमापुर क्षेत्र में बढ़ते अवैधानिक कार्यो और लड़कियों से छेड़छाड़ की घटनाओं के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस थाने में ज्ञापन देने पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे थे, तभी उनका पुलिस से विवाद हो गया। पुलिस जवानों ने पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शांत करने की कोशिश की, जब बात नहीं बनी तो उसने लाठियां बरसा दी।

पुलिस द्वारा किए लाठीचार्ज से छह कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। एक कार्यकर्ता के सिर से तो खून तक बहने लगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने दुर्भावनापूर्वक लाठीचार्ज किया है, क्योंकि अवैधानिक काम उन्हीं के संरक्षण में चल रहा है। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र सिंह का कहना है कि थाना परिसर में वीडियो कैमरा लगा है, उसका फुटेज देखेंगे और उसके बाद कार्रवाई करेंगे। जिन्हें चोटें आई है उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *