ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के गोहद थाना पुलिस ने दिल्ली की एक अपहृत महिला को बरामद कर लिया गया है। पीडि़त महिला की रिपोर्ट पर अपहरण व दुष्कर्म के मामले में गोहद पुलिस ने एक दंपति के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसका पति फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक दिल्ली शीलमपुर से भिण्ड जिले के गोहद आ रही महिला की बस में सवार गोहद के ही दंपति से पहचान हुई। बस ने देर रात्रि को गोहद चौराहा उतारा तो महिला को रात होने के कारण दंपति ने अपने घर रोक लिया। महिला दंपति के साथ उनके घर पहुंची तो उसे बंधक बनाकर 2 दिन घर में रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। गोहद के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) प्रवीण अष्ठाना ने बताया 22 वर्षीय पीडि़त महिला के साथ बस में गोहद चौराहा स्टेशन रोड निवासी जगदीश पंडा अपनी पत्नी सुमित्रा बाई सवार थे। आगरा में बस रुकी तो महिला की दंपति से पहचान हो गई। बस ने 20 जुलाई को देर रात महिला और दंपति को गोहद चौराहा पर उतारा था।
23 जुलाई को आरोपी किसी काम से घर से बाहर गया था और घर में सुमित्रा व पीडि़त महिला थी। पीडि़त महिला किसी तरह से आरोपी के घर से बाहर निकली और लोगों से मदद मांगी। लोगों ने महिला को गोहद चौराहा थाना पहुंचाया। महिला ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई तो गोहद चौराहा थाना पुलिस ने पीडित महिला का मेडीकल कराने के बाद आरोपी दंपति के खिलाफ दुष्कर्म और घर में महिला को बंधक बनाने का मामला दर्ज कर आरोपी महिला सुमित्रा को कल गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसका पति जगदीश फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।