ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के गोहद विकास खण्ड के अडूपुरा निवासी देवर शिवराज ने जमीन जायदाद के लिए अपनी विधवा भाभी की दो लाख रुपए की सुपारी देकर हत्या ही करा दी। अपनी भाभी की हत्या करा देने वाले देवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सुपारी लेकर हत्या करने वाले चार आरोपी अभी फरार हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह कुशवाह ने आज यहां बताया कि भिण्ड जिले के गोहद थाना क्षेत्र के ग्राम चम्हेडी के पास 16 फरवरी को एक अज्ञात महिला की सिर कुचली लाश मिली थी। महिला के शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी शिनाख्त करना मुश्किल था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच की तो शव के पास ही एक टूटा हुआ मोबाईल मिला। पुलिस ने मोबाईल में मिली सिम का पता लगाया तो उसमें डाली गई सिम अमायन थाना क्षेत्र के ग्राम अंधियारी के सुदामा के नाम पर थी। पुलिस ने सुदामा से बारीकी से पूछताछ की तो पता चला कि उसकी विधवा बेटी लाली के मोबाईल में सिम डली हुई थी। सुदामा ने पुलिस को बताया कि उसकी विधवा बेटी लाली को उसका देवर शिवराज 15 जनवरी को अपने साथ ले गया है तब से वह घर नहीं आई और न ही उसका मोबाईल लग रहा है। पुलिस ने जब शव की शिनाख्त करवाई तो वह लाश लाली की ही निकली।
महिला की लाश की शिनाख्त के बाद जब उसके देवर शिवराज को पुलिस ने हिरासत में लिया तो पहले तो वह कुछ नहीं बता पाया पर जब पुलिस ने सख्ती की तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। शिवराज ने पुलिस को बताया कि उसके बडे भाई की सात साल पहले उसके भाई की घर में ही आग से जलकर संदिग्ध मौत हो गई थी। बडे भाई के एक 10 दिन का बच्चा था। जिसे उसे अपने पास रख लिया था। भाभी लाली को घर से भी निकाल दिया था। भाभी लाली पहले अपने बच्चे की मांग कर रही थी बाद में वह जमीन जायदाद में भी हिस्सा मांगने लगी। लाली को काफी समझाया पर वह मानने को ही तैयार नहीं थी। तो फिर उसने भाभी को ही ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। शिवराज ने दतिया के चार बदमाश दोस्तों से संपर्क कर भाभी लाली को ठिकाने लगाने की बात बताई। चारों दोस्त कल्लू, नीरज, मोन,ू निसार ने मिलकर बताया कि भाभी का काम तमाम कर दिया जाएगा उसके लिए दो लाख रुपए लगेंगे। शिवराज तैयार हो गया और 50 हजार रुपए पेशगी भी दे दिए। योजना के मुताबिक शिवराज अपनी भाभी लाली को बच्चा वापस देने के बहाने अपने साथ लाया और रास्ते में एक गाडी के नीचे सिर रखकर कुचल दिया। और शव को सडक के किनारे फेंक दिया जिससे पुलिस को लगे सडक दुर्घटना में महिला की मौत हुई है।
गोहद थाना पुलिस ने अंधे कत्ल का खुलासा कर आरोपी देवर शिवराज को पकड लिया जबकि उसके चार साथी फरार है जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने हत्या में उपयोग की गई कार को बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपी के सगे भाई की आग से जलकर हुई मौत की भी जांच करेंगी पुलिस को संदेह है कि उसकी भी तो घर में आग लगाकर हत्या तो नहीं की गई थी।
