000000भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि नर्मदा सेवा यात्रा का मूल उद्देश्य है कि नदी के संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जा सके। उन्होंने कहा कि यात्रा ने इस दिशा में सफलता हासिल की है और नर्मदा नदी के तट के दोनों ओर रहने वालों के साथ ही पूरे प्रदेश में नदियों के संरक्षण के प्रति जागरूकता आयी है। चौहान आज अलीराजपुर के ग्राम छकतला में ‘नमामि देवि नर्मदे”-सेवा यात्रा के दौरान जन-संवाद को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यह अभियान हमारे प्रदेश की जीवन-रेखा और सबसे प्राचीन नदी को समृद्ध करने का अभियान है। इसकी सफलता के लिये जरूरी था कि लोगों की जन-भागीदारी हो। नर्मदा नदी ने हमारे प्रदेश को सब कुछ दिया है। पुराणों में भी नर्मदा को गंगा के समान पवित्र माना गया है। यह मोक्ष-दायिनी और जीवन-दायिनी भी है। उन्होंने कहा कि नदी के तट पर लगे वृक्षों के कटने से वृक्षों की जड़ों से जो जल का रिसाव होता था, वह बंद हो गया है। हम सभी लोगों को माँ नर्मदा के संरक्षण और संवर्धन में योगदान देना होगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नर्मदा नदी के दोनों किनारों पर एक-एक किलोमीटर की परिधि में फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाये जायेंगे। जो किसान अपनी निजी भूमि में फलदार वृक्ष लगायेगा, उन्हें एक हेक्टेयर पर 20 हजार रूपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी। तीन साल बाद जब उनके वृक्ष फलदार हो जायेंगे, उसके फ्रूट रूट बनाये जायेंगे। नर्मदा के किनारों को पवित्र और शुद्ध रखने के लिये सभी गाँव के घरों में शौचालय बनवाये जा रहे हैं। गंदे पानी से बचाने के लिये ट्रीटमेंट प्लांट लगाये जा रहे हैं। नर्मदा किनारे की 5 किलोमीटर के अंदर की शराब की दुकानें 31 मार्च के बाद बंद हो जायेंगी। भविष्य में पूरे प्रदेश में शराबबंदी के लिये कदम उठाये जायेंगे। उन्होंने अलीराजपुर जिले को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलवाया और ग्रामीण जन-समुदाय से आव्हान किया कि वे नर्मदा नदी में किसी प्रकार की गंदगी न करें। नर्मदा नदी में मृत्यु के बाद किये जाने वाले दाह संस्कार के लिये मुक्तिधाम बनाये जायेंगे। नर्मदा नदी के प्रत्येक घाट पर चेंजिंग रूम बनाये जायेंगे।
अलीराजपुर जिले में खुलेगा पतंजलि स्कूल
योग गुरू बाबा रामदेव ने कहा कि अलीराजपुर जिले में एक पतंजलि स्कूल खोला जायेगा। स्कूल में 2 हजार बच्चों को प्रवेश दिया जायेगा और यहाँ एलोवेरा, आँवला और हर्बल प्लांट लगाने वाले किसानों से पतंजलि द्वारा उनका उत्पाद क्रय किया जायेगा। बाबा रामदेव ने कहा कि नशा नाश की जड़ है। इससे मनुष्य का शरीर क्षीण होता है। बाबा रामदेव ने मंच से उपस्थित नागरिकों को योग भी सिखाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *