भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर 6 पर 300 बिस्तर का कोविड़ सेंटर शुरू हुआ।आधिकारिक जानकारी के अनुसार भोपाल रेल मंडल ने यहाँ रेलवे स्टेशन के प्लेट फॉर्म नंबर 6 पर 20 आइसोलेशन कोच में 300 बिस्तर का कोविड़ सेंटर बनाया है। सभी कोच में बेहतर व्यवस्थाएँ, खुली हवा आने के लिए भी पर्याप्त  व्यवस्थाएँ की गई हैं। इस सेंटर में तैयार किये गए कम लक्षण वाले कोविड़ मरीजों  को रखा जाएगा। जिन मरीजों के घरों में बुजुर्ग, गर्भवती महिला, बच्चे होने  पर परेशानी हो रही है, उनकों भी इस आइसोलशन कोच में चिकित्सकों की निगरानी में  रखा जाएगा। यहाँ प्रतिदिन योगा कराने, स्वास्थ्य वर्धक खाना,  दवाइयाँ और डॉक्टरों की टीम विजिट करेगी।  

आज प्रारंभ हुए इस कोविड़ सेंटर का निरीक्षण करते हुए प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बताया कि इस सेंटर पर प्रतिदिन मनोचिकित्सक भी निरीक्षण करेंगे और लोगों को बेहतर तरीके से इस बीमारी से सामना करने के संबंध में बताएंगे। इसके साथ ही यहाँ पर प्रतिदिन डॉक्टरों की टीम अपने आधुनिक संसाधनों के साथ 24 घंटे उपस्थित रहेगी। यहाँ 300 बिस्तर संपूर्ण वेंटिलेशन के साथ तैयार किये गए हैं, जिनमें 300 लोगों को रखा जा सकेगा। जनता को बेहतर उपचार और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में एसिम्टोमैटिक मरीजों के लिए कोविड सेंटर चालू कर दिए गए हैं। ऐसे मरीजों में जो बिना लक्षण के भी पॉजिटिव पाए जाते हैं, उन सभी लोगों के लिए एक बेहतर इंतजाम होगा। इसके साथ ही डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी भी करती रहेगी और यदि किसी मरीज की स्थिति थोड़ी भी बिगड़ती है तो उन्हें तुरंत ही डेडीकेटेड कोविड हॉस्पिटल में एडमिट कराया जाएगा।   

उन्होंने कहा है कि शीघ्र ही यहाँ मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में 500 बिस्तर का कोविड केयर सेंटर प्रारंभ किया जाएगा। इसके लिए गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन, गुजराती समाज, ब्राह्मण समाज सहित अन्य समाज योगदान दे रहे हैं। इस कोविड सेंटर को शीघ्र शुरू कर सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कराई जाएगी। इस कोविड सेंटर के शुरू होने से विभिन्न अस्पतालों में आ रहे कोविड मरीजों के उपचार में राहत मिलेगी, साथ ही कोविड डेडिकटेड अस्पतालों पर कोविड मरीजों के भर्ती होने का दबाव कम होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे एसिम्टोमैटिक मरीज तथा बिना लक्षण वाले मरीजों को भी यहाँ संपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *