भोपाल। मध्यप्रदेश में दो दिन से जारी भारी बारिश का सिलसिला आज सोमवार को भी जारी है। अगले 24 घंटे के लिए मौसम विभाग ने इस सीजन में एक साथ आठ जिलों में रेड, आठ जिलों में ओरेंज और 16 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बाकी जिलों में भी अच्छी बारिश की चेतावनी जारी की है। नर्मदा, ताप्ती, वैनगंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सिवनी नदी में बहने से भाजपा नेता की मौत हो गई। राजधानी में कलियासोत डैम के छह गेट खुले होने से नदी किनारे बसी बस्तियों को खाली कराया गया है। बारिश से प्रभावित जिलों में आवागमन पर असर पड़ा है। बारिश को लेकर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया है।
सिवनी जिले के बैनगंगा नदी में बीती रात पानी के तेज बहाव में सिवनी के भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जय सनोडिया और सिंघोडी के चंद्रशेखर सनोडिया कार सहित बह गए। जैसे ही बहे युवको की जानकारी ग्रामीणों द्वारा प्रशासन को दी गई, तो उन्होंने तत्काल रेस्क्यू दल को घटना स्थल के लिए रवाना किया। परन्तु नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू दल नदी में नहीं उतर पा रहा था, जैसे ही नदी में पानी कम हुआ गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू आपरेशन चलाया गया एवं घटना स्थल से थोडी दूरी में कार सहित दोनों मृतकों के शव बरामद किये गए।
पूरे प्रदेश के साथ-साथ सिवनी में भी तेज बारिश का दौर जारी है। पिछले दो दिनों से हो रही तेज बारिश के चलते जिले के सारे छोटे-बडे नदी-नाले उफान पर हैं। वैनगंगा नदी सहित क्षेत्र के सभी जलाशय इस समय पानी से लबालब हैं। लगातार हो रही बारिश के चलते एशिया के प्रसिद्ध मिट्टी के बांध के रूप में विख्यात भीमगढ बांध के 10 में से 9 गेट खोल दिए गए। इन गेटों से लगभग 75 हजार क्यूसेक पानी छोडा जा रहा है। सिवनी में 313.4, खिरकिया में 247.8 हरदा में 176, भोपाल में 146.4, विदिशा में 178.5, सागर में 108.6. रायसेन में 131.6, जबलपुर में 75.2, टिमरनी में 247.8, इछावर में 116.0, नरसिंहपुर में 92.0, होशंगाबाद में 88.4, पचमढ़ी में 71.6, धार में 37.5, खरगोन में 35.6, गुना में 38.2, उज्जैन में 46.0, शाजापुर में 47, उमरिया में 20.3, मंडला में 61.4, छिंदवाड़ा में 81.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
रविवार को तीन घंटे तक हुई भारी बारिश से विदिशा में इंद्रा कॉम्प्लेक्स, सुभाषनगर, डंडापुरा, रंगियापुरा इलाकों में मकानों के अंदर तीन फीट तक पानी भर गया। कागपुर नदी उफान पर आने से विदिशा-अशोकनगर मार्ग और भाटनी की पुलिया डूबने से विदिशा-गैरतगंज मार्ग बंद हो गया, जबकि बेतवा के उफान से विदिशा-रायसेन मार्ग पिछले 7 दिन से बंद है। संजय सागर के तीन गेट और संगड़ बांध के दो गेट पानी निकालने के लिए खोलना पडे।
रायसेन में बारना डैम के सभी आठ गेट खोल दिए गए हैं। सीहोर शहर में 2 इंच से ज्यादा बारिश। पार्वती नदी उफान पर है। गुना राघौगढ में एक बालक और चाचौडा में युवक बह गया।
जबलपुर में करीब साढ़े तीन इंच बारिश हुई। बरगी बांध के सभी 21 गेट खोल दिए गए हैं। बारिश एवं बांध के गेट खोले जाने के बाद नर्मदा के ग्वारीघाट, तिलवाराघाट, भेड़ाघाट जलमग्न हो गए। घाट के लोगों को ऊपर शिफ्ट किया गया। सागर- औसत से 8 इंच ज्यादा बारिश रू सागर में 2016 में 55 इंच बारिश हुई थी, इस बार रविवार को 24 घंटे हुई लगातार बारिश से आंकडा 52 इंच पहुंच गया। जबकि औसत बारिश 44 इंच मानी जाती है। रविवार को 3 इंच से ज्यादा बारिश हुई। बारिश के चलते प्रशासन ने सोमवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी। भारी बारिश की वजह से भोपाल रोड बंद रहा।
होशंगाबाद में तेज बारिश के बाद रविवार से बरगी, तवा और बारना डैम से करीब 6 लाख क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे होशंगाबाद में नर्मदा का जलस्तर अभी प्रतिघंटे आधा फीट बढ़ रहा है। रविवार रात 1 बजे नर्मदा का जलस्तर 951 फीट था। प्रशासन अलर्ट पर है। अनुमान है कि 15 फीट पानी बढेगा।
राघौगढ़ ब्लॉक में रविवार को इस सीजन की सबसे जोरदार बारिश हुई। बहाव इतना तेज था कि दुकानों व घरों के सामने रखे दो पहिया वाहन तक गिरकर बहने की स्थिति में पहुंच गए थे। राघौगढ़ के बीच से गुजरने वाले नाले में एक बच्चा बह गया। उसका शव दो-तीन किमी दूर मिला।
टिमरनी में रविवार को हुई तेज बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया। दूसरे दिन भी करीब 500 लोग राहत शिविरों में रहे। टिमरनी-रहटगांव मुख्य मार्ग बंद हो गया। टिमरन, अजनाल, गंजाल नदियां उफान पर होने से इंदौर, हरदा, भोपाल, खंडवा को जाने वाली बसें बंद रहीं। बालाघाट में बाढ़ जैसे हालातरू यहां बारिश के चलते भीमगढ़ बांध से वैनगंगा नदी में पानी छोड़े जाने से हालात बेकाबू हो गए। नदी के मुहाने बसे गांवों में पानी घुस गया। प्रशासन गोंगलाई और कुम्हारी गांव में राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। लालबर्रा के मोहगांव में 38 मकान खाली कराए गए। छोटी कुम्हारी में बाढ़ आने से दर्जन भर से अधिक मकान खाली कराने पड़ गए हैं।
