नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच जिले में एक महिला पुलिसकर्मी का मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला पुलिसकर्मी भादवामाता दर्शन करने आई रतलाम की एक महिला के साथ मारपीट करती नजर आ रही हैं। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा हैं कि नीमच सिटी थाने पर पदस्थ एक महिला प्रधान आरक्षक रतलाम से आई महिला की चोटी पकड़कर खींच रही है । महिला प्रधान आरक्षक का नाम संगीता चैहान बताया गया है।
रतलाम जिले के गांव मौरिया से भादवामाता दर्शन करने एक परिवार के कुछ लोग आए थे। उनके साथ नीमच सिटी थाना पुलिस की डायल 100 की महिला पुलिसकर्मी ने मारपीट की है। जिसका सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा हैं। जानकारी अनुसार तीन दिन पहले रतलाम जिले के मोरिया गांव से भूलीबाई, दो बेटी, बेटे व पति के साथ भादवामाता दर्शन करने आईं थी। मंदिर के बाहर उनके परिचित मिल गए। सभी होटल पर बैठकर चाय पी रहे थे। तभी सिटी थाने की डायल 100 पहुंची और मारपीट शुरू कर दी।
