उज्जैन। हनी ट्रैप मामले में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सज्जनसिंह वर्मा ने कहा महिलाओं के माध्यम से प्रदेश की कमलनाथ सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है। किसी का नाम लिए बगैर विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कुछ ऐसे तत्व हैं जो सरकार गिराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने मंत्रियों, विधायकों और बडे अधिकारियों के पीछे महिलाओं को छोडा है।

शनिवार को शहर में आयोजित पंचायत सम्मेलन में शिरकत करने आए मंत्री वर्मा ने कहा सामाजिक वातावरण को दूषित करने वाला भले ही किसी भी स्तर का हो उसे छोडा नहीं जाना चाहिए। ऐसे लोगों पर कडी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे कि समाज में अच्छा संदेश भी जाए। हनी ट्रैप मामले से पूरे प्रदेश में हलचल मची हुई है। ऐसे में मंत्री वर्मा ने सरकार गिराने की साजिश की आशंका जताकर मामले को गरमा दिया है। मंत्री वर्मा ने कहा प्रदेश का सामाजिक वातावरण अच्छा रहना चाहिए।

जिला मुख्यालय के पास शुक्रवार को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा रात्रि के समय गिराने की घटना के मामले में भी मंत्री वर्मा ने विपक्ष पर प्रहार करने का मौका नहीं छोडा। इशारों में बोले-जगह-जगह षड्यंत्र कर लोगों को उत्तेजित किया जा रहा है। ये लोग गोडसे की विचारधारा के हैं, जिन्हें अंबेडकर की विचारधारा पसंद नहीं। प्रभारी मंत्री कोठी पैलेस के पास उस स्थान पर भी पहुंचे, जहां डॉ. अंबेडकर की स्थापित प्रतिमा अज्ञात तत्वों द्वारा गिराई गई थी। उन्होंने कहा प्रशासन द्वारा प्रतिमा स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और बाउंड्रीवाल भी बनाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *