ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में माता पिता के काम पर जाते ही मकान मालिक पांच वर्षीय मासूम को टॉफी का लालच देकर अपने कमरे में ले गया और दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। छोटी बहन की चीखने की आवाज सुनते ही उसकी सात वर्षीय बहन वहां पर पहुंची और बहन को बचाने आरोपी से भिड़ गई और उसके सिर पर भगोनी मारकर घायल कर दिया। मामले का पता चलते ही आस-पास के लोग वहां पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग गया।

घटना ग्वालियर शहर के थाटीपुर थाना क्षेत्र के गल्ला कोठार की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद आरोपी को पकडकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाटीपुर थाना क्षेत्र के गल्ला कोठार निवासी पांच वर्षीय मासूम अपने माता-पिता तथा तीन बहनों के साथ किराए का कमरा लेकर रहती है। घर की आर्थिक स्थिति ठीक ना होने पर माता-पिता दोनों ही मजदूरी करने जाते है। माता-पिता काम पर गए थे। दोनों बड़ी बहनें बाहर दरवाजे पर खेल रही थीं। जबकि पांच वर्षीय मासूम आंगन में बैठी थी। इसी बीच मकान मालिक रमेश जाटव 45 वर्ष वहां पर आया और मासूम को चॉकलेट का लालच देकर अपने कमरे में ले गया। कमरे में ले जाने के बाद मासूम से दुष्कर्म का प्रयास किया तो वह रोने लगी।

छोटी बहन के रोने की आवाज सुनते दरवाजे पर खेल रही सात वर्षीय बहन अंदर पहुंची और बहन की हालत देख कर आरोपी से बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उसे धक्कामार दिया। धक्का लगते ही बड़ी बहन ने पास ही रखी भगोनी उठाई और आरोपी के सिर पर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। मासूम बहनों ने शोर मचाया तो आस-पास के लोग एकत्रित हो गए। लोगों को एकत्रित होते देखकर आरोपी भाग गया।

मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर उसे दबोच लिया। थाना प्रभारी थाटीपुर शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मासूम को उपचार के लिए भेजकर आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी अपने किसी परिचित से रुपए लेकर भागने वाला था कि तभी पुलिस को उसकी जानकारी मिली और उसे पकड लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *