इटारसी ! प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को होशंगाबाद जिले के विकासखंड केसला के ग्राम सुखतवा में नर्मदा महिला संघ के 14 वें वार्षिक अधिवेशन के नारी मिलन पर्व के कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री चौहान ने नर्मदा महिला संघ के कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि नर्मदा महिला संघ की 11 हजार 400 बहनों ने चमत्कार कर दिखाया है। प्रदेश में 500 करोड़ का कार्य होता है इसमें सवा सौ करोड़ रूपए का कार्य यहां की महिलाएं करती हैं। यहां की महिलाओं ने 300 करोड़ का प्रोडक्ट खड़ा करके दिखाया है। उनके कार्य को आगे बढ़ाते हुए होशंगाबाद जिले को ग्रामीण आजीविका मिशन से जोड़ा जाएगा तथा आदिवासी महिलाओं की समस्याओं का निराकरण करने के लिए प्रत्येक माह के एक दिन होशंगाबाद एवं बैतूल में विशेष महिला जनसुनवाई के कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस हेतु मुख्यमंत्री ने होशंगाबाद एवं बैतूल कलेक्टर को विशेष कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने नर्मदा महिला संघ के कार्यालय भवन बनाने के लिए 24 लाख रुपए देने की घोषणा की और कहा कि यहां की महिलाएं ग्रामसभा की कार्यवाहियों में नियमित रूप से भाग लेती है अत: आने वाले समय में होशंगाबाद एवं बैतूल दोनों जिलो में ग्रामसभाएं की जाएगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि संघ की महिलाएं भाइयों से बेहतर कार्य करके दिखा रही है। मध्यप्रदेश सरकार ने भी इसे ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत, जनपद, नगरीय निकायों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत सीट आरक्षित की है। चौहान ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हम गांवों को स्मार्ट गांव बनाना चाहते हैं। स्मार्ट गांव में सड़क, शौचालय होगा। उन्होंने इस इस अवसर पर नर्मदा संघ की महिलाओं से संकल्प दिलाया कि वे अपने घरों में शौचालय बनाकर दिखाएगी और लोगों को भी अपने घरों में शौचालय का निर्माण करने के लिए प्रेरित करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं का मान-सम्मान व इज्जत होनी चाहिए। जहां नारी का सम्मान होता है वहां देवता का वास होता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने अब पट्टे में पहले महिला का नाम लिखने के तथा विभिन्न शासकीय योजनाओ ंके तहत बनाए जा रहे आवासो में महिला का नाम पहले लिखने के निर्देश दिए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि होशंगाबाद एवं बैतूल में फल एवं सब्जियों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए फल एवं सब्जी का रूट बनाया जाएगा ताकि महिलाओं व कृषकों को उनकी उपज का सही दाम मिल सके। इस हेतु उन्होंने होशंगाबाद एवं बैतूल कलेक्टर को इस दिशा में प्रयास करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि फसल कटाई के बाद होशंगाबाद एवं बैतूल में स्टाप डेम, बोरीबंधान, कुयें का संधारण आदि का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए जल अभिषेक अभियान प्रारंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि क्षेत्र में टसर एवं रेशम के कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के ऐसे विद्यार्थियों जिनका चयन मेडिकल या इंजिनियरिंग कॉलेज में हो गया है और यदि वो इसकी फीस देने में असमर्थ हैं तो उसकी फीस सरकार भरेगी। साथ ही जो गरीब व्यक्ति कई वर्षो से एक ही जमीन पर काबिज है उसे उस जमीन का पट्टा देकर मालिक बनाया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 तक हर पात्र गरीब के आवास बनाए जायेंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने महिलाओ से शराब बंदी, स्वच्छता, जल बचाने व संरक्षित करने, बेटी बचाने का संकल्प दिलाया। मुख्यमंत्री ने छीतापुरा की सरपंच गायत्री बाई और सिलवानी की सरपंच बसंती बाई को भू अधिकार पत्र वितरित किया।
नरसिंहपुर-होशंगाबाद सांसद राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि आने वाला समय नर्मदा महिला संघ का है। आज इनका समूह एक साथ बैठकर संदेश दे रहा है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उनका समूह आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस अवसर पर केसला में पानी की समस्या तथा फीडर सेपरेशन की समस्या की और मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट किया। मप्र खनिज विकास निगम के अध्यक्ष शिव चौबे ने कहा कि नर्मदा संघ की महिलाओं ने सुधार के क्षेत्र में कार्य किया है। इससे पूर्व नर्मदा महिला संघ की अध्यक्ष सुनिता बाई ने अपनी कार्य योजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि संघ में प्रदेश के सभी हिस्सों की महिलाएं कार्यरत हैं। हम घर परिवार के अलावा दूसरे कार्य भी कर रहे हैं। इससे हमारी एक नई पहचान बन रही है। संघ में 207 गांव जुड़े है और कुल संघ समूहो की संख्या 874 है। वर्तमान में भी अन्य महिलाएं लगातार नर्मदा संघ से जुड़ रही है। नर्मदा संघ की 245 समितियां स्कू लों में मध्यान्ह भोजन का संचालन करती है। 15 स्टाप डेम एवं 45 कुये पर कार्य किया है। लगभग 200 घरो में शौचालयों का निर्माण कराया है। विभिन्न पेंशन के प्रकरणों एवं छात्रवृत्तियों के प्रकरणो का समाधान किया है। मशरूम, शहतूत एवं मुर्गीपालन का व्यवसाय 6 हजार महिलाए कर रही है। साथ ही संघ ने 10 गांवो में सामुदायिक सूचना केन्द्र स्थापित किया है। नर्मदा महिला संघ की 5 शाखाएं सुखतवा, भौरा, पाठा, डोडराभाऊ और बेलपाट में संचालित है। 14 वें अधिवेशन के कार्यक्रम में सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, जिला पंचायत के अध्यक्ष कुशल पटेल, राज्य अंत्योदय समिति के सदस्य संपत्त मूदड़ा, राज्य आजीविका मिशन के बेलवाल, पुलिस महानिरीक्षक एस.के.सक्सेना, कलेक्टर संंकेत भोंडवे, बैतूल कलेक्टर ज्ञानेश्वर बी.पाटिल, पुलिस अधीक्षक ए.पी.सिंह, सीईओ जिला पंचायत अभिजीत अग्रवाल, अधिकारीगण, पिं्रट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।
