भोपाल। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के सांची में पुलिस ने दो होटलों में छापा मारकर 16 लडके व लडकियों को पकडा है। यह सभी पुलिस को सांची में विदिशा रोड स्थित जैनश्री होटल और टूरिस्ट लॉज से मिले हैं। युवतियों को पुलिस ने उनके परिजनों को समझाइश देकर उनके सुपुर्द कर दिया। पकडे गए युवकों में से 6 युवक विदिशा के एक-एक मेहगांव और सांची के हैं। एक होटल भाजपा की महिला नेता के पति का है।

एसपी मोनिका शुक्ला को सांची की होटलों मे चल रहे अवैध कामों की शिकायतें मिल रहीं थीं। इसके बाद रविवार को एसपी ने दो पुलिस दल बनाकर सांची भेजे। इन दलों के प्रभारी रायसेन कोतवाली थाने के राजकुमार चौधरी और अभय सोनी को बनाया गया। राजकुमार वाले दल ने जनश्री होटल और अभय सोनी वाले दल ने टूरिस्ट लॉज पर छापा मारा। इस दौरान दोनों होटल और लॉज के कमरों में युवक-युवती ठहरे हुए थे।

जब पुलिस ने दरवाजे खटखटाए तो उनके होश उड गए। पुलिस के सामने ये युवक और युवतियां गिड़गिड़ाने लगे, तो कुछ आत्महत्या की धमकी भी देने लगे। इससे पुलिस भी परेशानी में पड गई। हालांकि युवक-युवतियों ने स्वेच्छा से होटल में आना पुलिस को बताया।

एएसपी अवधेश प्रतापसिंह ने बताया कि सांची की जैनश्री होटल और टूरिस्ट लॉज की जांच की गई थी। इसमें मिले युवक युवतियों से पूछताछ की गई है। युवकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। वहीं युवतियों को समझाइश देकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं होटल जैनश्री और टूरिस्ट लॉज के संचालकों पर लोकसेवा आदेशों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की है। जैन होटल के संचालक भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व मंडल अध्यक्ष के पति निर्मल जैन हैं, वहीं टूरिस्ट लॉज के संचालक गजेंद्र बघेल हैं। पुलिस की जांच के दौरान दोनों होटल और लॉज के कमरों मे ठहरने वालों का रिकार्ड नहीं मिला। जबकि लोकसेवा आदेश के मुताबिक वहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति की आईडी सहित उनकी जानकारी रजिस्टर में दर्ज करना चाहिए। इतना ही नहीं यह जानकारी संबंधित थाने में भेजे जाने का नियम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *