इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर के खजराना रिंग रोड पर दो पक्षों में विवाद को सुलझाने गए पुलिस अधिकारी पथराव में घायल हो गए। पुलिस अधिकारी यहां से अपनी गाडी से गुजर रहे थे। इसी दौरान रिंग रोड पर उन्हें शराब पीकर हंगामा करते दो पक्ष दिखाई दिए। पथराव के बाद पुलिस अधिकारी ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना देते हुए पुलिस बल बुलवाया, जिसके बाद उन्हें काबू किया गया। पुलिस अधिकारी को चोट आने पर निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी हालत अब ठीक है।
सीएसपी एसकेएस तोमर ने बताया कि मंगलवार शाम को खजराना रिंग रोड से मैं सीएसपी बीएस परिहार के साथ गुजर रहा था। इसी दौरान सडक किनारे सांठिया परिवार के लोग आपस में विवाद करते नजर आए। विवाद काफी बडा देख हम दोनों उन्हें समझाने पहुंचे और उन्हें अलग किया। इसी दौरान कहीं से पथराव हुआ और एक पत्थर सीएसपी बीएस परिहार के आंख के ऊपर लगा, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद तत्काल कंट्रोल रूम पर सूचना देकर बल बुलवाया गया और परिहार को निजी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के आने के बाद भी ये लोग एक-दूसरे पर लट्ठ चलाने की कोशिश करते रहे। पुलिस ने बमुश्किल मामला शांत करवाया। इस दौरान यहां भीड जुट गई। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
