ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड देहात थाना क्षेत्र के जामुना रोड पर एक व्यापारी और उसकी पत्नी को घर में बंधक बनाकर लाखों रुपए का सामान लूटने की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक किराना व्यापारी मेंबर सिंह जाटव के घर आधा दर्जन हथियारबंद नकाबपोश बदमाश घुस आए और उन्हें और उनकी पत्नी को बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशें ने जाटव की पत्नी के गले में बेल्ट बांध दिया और उसका गला दबाकर धमकाने लगे कि शोर मत करना। डर के मारे व्यापारी गिडगिड़ाने लगा कि पत्नी को छोड़ दो। इसके बाद बदमाशों ने घर छानबीन शुरू की और वहां रखे करीब 3 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और डेढ़ लाख रुपए नकदी सहित कई कीमती सामान ले गए। बताया जा रहा है कि बदमाश कार से आए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

व्यापारी मेंबर सिंह जाटव ने बताया कि घटना रात करीब डेढ़ बजे की है। हम अंदर सो रहे थे तभी कुछ हलचल हुई बदमाश घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए। फिर मुझे और मेरी पत्नी के साथ मारपीट करने लगे। जाटव ने बताया कि इसके बाद उन्होंने कमर का बेल्ट मेरी पत्नी की गले में बांध दिया और दबाने लगे। कहते रहे आवाज मत करना, हम घबरा गए थे। इसके बाद वे पूछने लगे सारा सामान कहां रखा है, फिर अलमारियों और अन्य जगहों पर तलाशी शुरू कर दी और फिर गहने सहित नकदी समेटकर ले गए।

आधे घंटे में ही उन्होंने इस घटना को अंजाम दे दिया था और फिर करीब 2 बजे फरार हो गए। उन्होंने व्यापारी से यह भी पूछा था कि तुम्हारा एक बेटा भी है वो कहां है। बदमाशों को डर था कि कहीं इनकी आवाज सुनकर कोई आ ना जाए, इसलिए बार-बार कहते रहे कुछ बोलना मत। पूर समय उन्होंने महिला के गले में बेल्ट बांध रखा था। हथियारबंद बदमाश करीबन 5 लाख रुपए का माल ले गए।

भिण्ड देहात थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह कुशवाह ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *