ग्वालियर। प्रॉपर्टी डीलर पंकज सिकरवार हत्याकाण्ड में फरार चल रहे आरोपी संजय तोमर को पकड़ पाने में नाकाम पुलिस ने उसके भाई विनोद एवं भाभी क्षमा तोमर के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि संजय तोमर अपने घर आया था, पुलिस ने घेराबंदी भी कर ली थी परंतु विनोद और क्षमा ने मिलकर पूरी पुलिस पार्टी को रोक लिया और संजय तोमर आसानी से फरार हो गया। पुलिस ने विनोद तोमर को गिरफ्तार कर लिया है।
हजीरा थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम आरोपी को पकडने रवाना की गई। जिस समय पुलिस टीम आरोपी संजय तोमर के घर पहुंची, आरोपी अपने भाई विनोद और भाभी क्षमा से दस हजार रुपए ले चुका था और अपनी लायसेंसी रायफल मांग रहा था। आरोपी को देखते ही पुलिस उसे पकडने पहुंची तो उसका भाई विनोद और भाभी ने पुलिस का रास्ता रोक लिया और आरोपी छत के रास्ते भाग निकला। आरोपी को भागते देखकर पुलिस ने प्रयास भी किया, लेकिन विनोद और क्षमा पुलिस के सामने अड़ गए। हंगामा हुआ तो आसपास के लोग एकत्रित हो गए और इसी बीच क्षमा भी वहां से निकल गई। पुलिस ने आरोपी के भागने के बाद विनोद को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और आरोपी की मदद करने का मामला दर्ज कर लिया है।
बताया गया है कि फरार आरोपी संजय तोमर पर पुलिस कप्तान नवनीत भसीन ने दस हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इस मामले में उसके अन्य साथियों पर भी दस-दस हजार रुपए का इनाम घोषित है।
