इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र में आज सोमवार सुबह एक होटल में भीषण आग लग गई। एक पांच मंजिला होटल पूरी तरह से खाक हो गया। होटल में फंसे कर्मचारियों को धुएं के गुबार के बीच कपडा पकडाकर सीढियों मंे लिटाकर बाहर निकाला गया। आग इतनी विकराल थी कि चंद मिनटों में होटल धू-धूकर जल गया। होटल के भीतर से बचाए गए चार से पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत ठीक है। प्रारंभिक जानकारी अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। हालांकि पुलिस मामले में जांच कर रही है।
मिली जानकारी अनुसार आग स्कीम नंबर -54 स्थित पांच मंजिला होटल गोल्डन गेट में सुबह करीब 9 बजे के करीब लगी। होटल में धुआं उठता देख कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना होटल प्रबंधन, पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना के बाद तत्काल विजय नगर टीआई तहजीब काजी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और यहां अफरा-तफरी का माहौल था। पता करने पर होटल के भीतर चार से पांच कर्मचारियों के फंसे होने की सूचना मिली। जिसके बाद उन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया गया। धुआं ज्यादा होने से रेस्क्यू में परेशानी आ रही थी। इस कारण होटल के भीतर एक सीढ़ी लगाई गई और एक लंबा चादरनुमा कपडा फेंका गया। जिसे पकडकर लोगों को बाहर निकाला गया। बाहर निकालकर उन्हें तत्काल पास के अस्पताल में चेकअप के लिए भेजा गया।
प्रारंभिक जानकारी अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगना बताया जा रहा है। जानकारी अनुसार होटल का ज्यादातर हिस्सा लकड़ी से बना हुआ था। इसकी वजह से आग ने चंद मिनट में विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना के बाद एक-एक कर 8 दमकल की गाडियों मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद होटल के अगले हिस्से पर लगी आग पर काबू पाया, जिसके बाद टीम भीतर के हिस्सों पर आग बुझाने में जुटी है। बताया जा रहा है कि आग के कारण करोडों रुपए का नुकसान हुआ है।
