शिवपुरी। मध्यप्रदेश की ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने शिवपुरी जिले की कोलारस तहसील में एक छापामार कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत के सहायक यंत्री हरनारायण पांडेलिया को 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। सहायक यंत्री हरनारायण के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है।
लोकायुक्त पुलिस के टीआई कविंद्र सिंह चौहान ने बताया कि ग्राम पंचायत चंदैनी की सरपंच नीलम शिवहरे के पति दीपक शिवहरे से ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के सहायक यंत्री हरनारायण पांडेलिया द्वारा ग्राम पंचायत में कराए गए निर्माण कार्य का सीसी कंप्लीट होने का प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में 8 हजार रूपये की मांग की गई थी।
सरपंच पति दीपक ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर में की थी। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए शहर के हाथी खाना बस्ती में रहने वाले सहायक यंत्री पांडेलिया को उनके घर में उस समय रंगे हाथों पकड़ा, जब दीपक उनको मांगी गई रिश्वत दे रहा था।
