शिवपुरी। मध्यप्रदेश के ग्वालियर के डेयरी संचालक जितेंद्र सिंह सिकरवार (28वर्ष) की उसी के बहनोई मंगल कुशवाह निवासी हजीरा ने शिवपुरी हाईवे स्थित सुभाषपुरा के पास रात गोली मारकर हत्या कर दी। 6 दिन पहले डेयरी संचालक की बहन के साथ उसके बहनोई मंगल ने मारपीट की थी। बहन ने जब रोते हुए फोन किया तो वह बहनोई को समझाने पहुंचा। इस दौरान उसके और बहनोई के बीच गहमा-गहमी हो गई। यह बात मंगल को अखर गई और उसने जितेंद्र की हत्या करने की ठान ली। बुधवार को वह राजीनामा करने के बहाने जितेंद्र और उसके चचेरे भाई राजा सिंह को हाईवे तक ले गया। रास्ते में इन्हें शराब पिलाई और फिर हाईवे पर कार रोककर गोली मार दी। राजा की तरफ भी उसने बंदूक तानी, लेकिन वह भाग निकला और पुलिस को सूचना दी। हत्यारे मंगल के साथ उसका भाई भज्जू कुशवाह भी गया था। दोनों ही हत्या के बाद मौके से भाग निकले।
आरोपी मंगल कुशवाह का पिता मुन्नू जिलाबदर है। मंगल भी सटोरिया है, इसलिए यह लोग पाताली हनुमान के मकान में नहीं रह रहे। कुछ दिनों पहले यह लोग कुंज विहार कॉलोनी में किराए से मकान लेकर रह रहे थे। मुन्नू जिले से बाहर है। मंगल भी पुलिस से बचता फिरता है।
आरोपी ने हत्या के बाद पत्नी को कॉल कर कहा मैंने तेरे भाई को निपटाकर बेइज्जती का बदला ले लिया है।
