भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना संकट के बीच सरकार ने रविवार को एक और बड़ा फैसला लिया। अब प्रदेशभर के सरकारी कार्यालयों में 25 फीसदी स्टाफ के साथ काम होगा। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी जिला कलेक्टर को आदेश जारी कर दिए हैं। इससे पहले प्रदेश के सरकारी दफ्तरों का समय बदला गया था।

मंत्रालय और राज्य स्तरीय कार्यालयों में अब तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की उपस्थिति 25 प्रतिशत रहेगी। प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों की उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित की गई। जिला और संभाग स्तर के दफ्तरों को लेकर कलेक्टर निर्णय लेंगे। राज्य शासन ने आदेश में कहा है कि तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी 25 फीसदी क्षमता के साथ रोटेशन में बुलाए जाएंगे। प्रथम और द्वितीय श्रेणी के कर्मचारी शत-प्रतिशत कार्यालय में उपस्थित रहेंगे।

सभी शहरों में संडे लॉकडाउन, सरकारी दफ्तर 5 दिन ही खुलेंगे
राज्य सरकार ने मध्य प्रदेश के सभी शहरों में संडे लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है। सभी सरकारी दफ्तर अगले 3 महीने तक सप्ताह में केवल 5 दिन ही खुलेंगे। इनकी टाइमिंग सुबह 10 से शाम 6 बजे तक रहेगी। शनिवार और रविवार दफ्तर पूरी तरह बंद रहेंगे। प्रदेश के सभी शहरी क्षेत्रों में रोजाना रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *