भोपाल। देश और दुनिया को कोरोना का तांडव डरा रहा है। एक साल से ज्यादा वक्त हो गया है, लोग इसके खतरे को समझकर सावधान भी हो गए हैं। मध्य प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दमोह और छिंदवाड़ा के गांवों में ग्रामीणों ने खुद लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है। नियमों का पालन भी खुद ही करवा रहे हैं। छिंदवाड़ा में तो जुर्माने की व्यवस्था की गई है। अगर कोई व्यक्ति कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं करेगा तो उससे 200 रुपए जुर्माना लिया जाएगा। आईए जानते हैं दोनों जिलों के गांवों में लॉकडाउन के बारे में…
दमाेह: स्थानीय लोगों ने शनिवार और रविवार का लॉकडाउन लगाया
दमोह जिले के हटा ब्लॉक में हिनोटा कस्बा आता है। यहां लोगों ने प्रशासनिक आदेश का इंतजार करने की बजाय दो दिन का सेल्फ लॉकडाउन कर खुद को घरों में बंद कर लिया है। स्थानीय लोगों ने शनिवार और रविवार को सेल्फ लॉकडाउन किया है। हिनोता के रहने वाले रामगोपाल का कहना है कि “दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानों को दो दिनों के लिए बंद रखने का फैसला किया है। इसको आगे बढ़ाया जा सकता है।’ यहां रहने वाले संजय ने कहा- “लोगों को लगता है कि जिस तरह से संक्रमण फैल रहा है, लॉकडाउन को लागू करना एकमात्र विकल्प है, इसलिए उन्होंने स्वेच्छा से यह कदम उठाया है।’
छिंदवाड़ा: युवकों ने गांव में 7 दिन का लॉकडाउन लगाया
छिंदवाड़ा के कई गांवों में लोगों ने बाहरी लोगों का प्रवेश वर्जित कर दिया है। साथ ही उल्लंघन करने पर 200 रुपए का जुर्माना भी तय किया है। ग्रामीणों ने यह आदेश जारी किया है कि सात दिन तक न ही गांव से कोई बाहर जाएगा और न ही किसी बाहरी को प्रवेश दिया जाएगा। दरअसल, गांव भरदी और नांदना में बीते दिनों कोरोना से एक मौत हो गई थी। जिससे सबक लेते हुए पंचायत के तीनों गांव भरदी, नांदना और कांगला के युवाओं ने सात दिवसीय लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने का फैसला लिया। नांदना के राजकुमार, रामरतन, शानू, कमलेश और अंकित ने बताया कि गांव के लोगों ने स्वेच्छा से गांव में लॉकडाउन का निर्णय लिया है।
समझदारी के बीच मजाक भी देखने को मिल रहा
एक ओर जहां लोग ऐसी समझदारी दिखा रहे हैं वहीं कुछ लोग अब भी खिलवाड़ करने से बाज नहीं आ रहे हैं। रविवार को मध्य प्रदेश के कुछ अन्य जिलों में ऐसा ही देखने को मिला। प्रशासन ने नयागांव, चित्रकूट में वीकली लॉकडाउन का आदेश दिया है। लेकिन लोग इस प्रतिबंध को स्वीकार नहीं करना चाहते। यहां जब रविवार को पुलिसकर्मियों ने लॉकडाउन लगाने की कोशिश की तो स्थानीय लोगों ने टीम पर हमला कर दिया। एक जगह दुकानें खुली थीं और लगभग 15 लोग शराब पी रहे थे। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। खंडवा में एक युवक के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद हेल्थ टीम गांव पहुंची तो विवाद हो गया। स्वास्थ्यकर्मियों से बदसलूकी की गई। पुलिस पहुंची तो युवक के परिजन के साथ जमकर मारपीट की। इसका वीडियो वायरल हो रहा है।
