ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के गिरवाई थाना क्षेत्र में एक 62 साल के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर ने 10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद बच्ची के पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित बच्ची सहेली के घर खेलने गई थी, तभी उसके दादा ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी एसएएफ में तैनात रहा है। गिरवाई थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी फरार है।
घटना कोडेरा कोठी के पीछे रहने वाली 10 साल की बच्ची कक्षा पांच में पढ़ती है। एक दिन पहले बच्ची घर के सामने रहने वाली सहेली के घर खेलने पहुंची थी। यहां सहेली के दादा रामदास कुशवाह (62) ने अपनी पोती को पानी लाने भेज दिया और इस बच्ची के साथ गंदी हरकतें शुरू कर दीं। विरोध करने पर गला दबाया और मार डालने की धमकी दी। बच्ची से दुष्कृत्य किया। कुछ देर बाद जब पोती लौटी तो आरोपी ने पीड़ित छात्रा को छोड़ दिया। बच्ची रोते हुए घर पहुंची और मां को बताया।
परिवार ने पुलिस को बताया कि पीड़ित बच्ची और आरोपी की पोती सहेली हैं और पीड़ित भी आरोपी को बाबा (दादा) कहकर पुकारती थी। अब आरोपी की धमकी से परिवार दहशत में है।
