भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसी की रोकथाम के लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर बात की। बातचीत में पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश को ऑक्सीजन , रेमडेसिविर इंजेक्शन और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने का आश्वासन दिया। पीएम ने कहा कि महामारी से लड़ने में केंद्र मध्यप्रदेश का पूरा सहयोग करेगा।
सीएम ने रक्षा मंत्री से आर्मी अस्पतालों के सामान्य प्रयोग को लेकर चर्चा की। रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री शिवराज को को आश्वासन दिया कि मध्यप्रदेश स्थित आर्मी अस्पतालों की सेवाएं संक्रमण काल के दौरान मध्यप्रदेश की जनता के लिए खोली जाएंगी। आज आर्मी के बड़े अधिकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिल कर चर्चा करेंगे।
वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज दोपहर 12 बजे सभी जिला कलेक्टर को संबोधित करेंगे। इस दौरान सीएम कोरोना से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे। सीएम ने बताया कि प्रदेश के सभी बड़े महानगरों में सरकार, स्वयं सेवी संस्थाओं की मदद से 2000 बिस्तर के अस्पताल खोलेगी। इंदौर के राधा स्वामी सत्संग न्यास के 2000 बिस्तरों जैसा प्रयोग भोपाल, गवालियर, जबलपुर सहित अन्य महानगरों में होगा। इंदौर में राधा स्वामी सत्संग न्यास के 2000 बिस्तरों को बढ़ाकर 6000 करने की दिशा में निर्देश दिए गए हैं।
मध्यप्रदेश में कोरोना का हाल
राज्य में रविवार को 12,248 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 7495 लोग रिकवर हुए और 66 की मौत हो गई। मध्यप्रदेश में अब तक 4.08 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 3.34 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। 4,557 मरीजों की मौत हो गई है। 68,576 मरीजों का इलाज चल रहा है।
