भोपाल | मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली द्वारा सोमवार को लोकसभा में पेश वर्ष 2016-17 के आम बजट को हर वर्ग के कल्याण का बजट करार दिया है। चौहान ने कहा कि बजट में किसान, गरीब, नौजवान, महिलाओं के कल्याण के लिए विशेष प्रावधान दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि आम बजट में खेती और किसान के कल्याण पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया है। खेती को पटरी पर लाने के लिए और खेती को फायदे के रूप में इस्तेमाल करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। इसके लिए सिंचाई क्षमता में बढ़ोतरी की योजना है, जिसके तहत पांच लाख तालाबों का निर्माण किया जाएगा। किसानों की आय को दोगुना करने का रोडमैप तैयार किया गया है।
चौहान ने कहा कि एक तरफ जहां किसानों और खेती के लिए विशेष प्रावधान दिए गए हैं, वहीं गरीबों का भी ध्यान रखा गया है। मनरेगा की धनराशि बढ़ाई गई है, जिससे गरीबों को रोजगार मिलेगा और गरीब परिवारों को रसोई गैस मिलेगी। स्वास्थ्य बीमा कराया जाएगा। मध्यम उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्टैंडअप योजना को अमल में लाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के नौजवान कौशल विकास के साथ अच्छा रोजगार हासिल कर सकें, इसके लिए कौशल विकास पर विशेष जोर दिया गया है। कुल मिलाकर यह बजट सभी वगरें के लिए कल्याणकारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *