एमपी के जबलपुर में रियल एस्टेट कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला ने कारोबारी को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 20 लाख रुपए मांगे। बाद में 7 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। पहली किस्त के 2.50 लाख रुपए लेने पहुंची महिला को पुलिस ने गोपाल बाग स्थित कदम ट्री होटल से गिरफ्तार कर लिया।
                                      बताया गया है कि महिला महिला जैसे ही कारोबारी से 2.50 लाख रुपए लेकर बाहर निकलने लगी, तभी सिविल ड्रेस में तैनात पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। उसके बैग से 2.50 लाख रुपए बरामद किए गए। महिला कारोबारी पर पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने का दबाव बना रही थी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला पूजा रैदास उम्र 28 वर्ष उमरिया के बिरसिंहपुर पाली की रहने वाली है। उसकी मुलाकात ग्वारीघाट निवासी रियल एस्टेट कारोबारी सार्थक सिंह  उम्र 34 वर्ष से अक्टूबर 2025 में सोशल मीडिया और बाद में एक डांस प्रोग्राम के दौरान हुई थी। दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और इसके बाद बातचीत होने लगी। सार्थक ने 18 सितंबर को कोतवाली थाने में शिकायत की थी। उसके मुताबिक, पूजा से उसके प्रेम संबंध थे और वह अब तक उसे करीब 8 लाख रुपए दे चुका है। आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से पूजा उस पर पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने का दबाव बना रही थी। सार्थक के मुताबिक, मना करने पर पहले करीब 2 लाख 20 हजार रुपए मांगे गए। रुपए देने से इनकार करने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 20 लाख रुपए मांगे गए। बाद में दोनों के बीच 7 लाख रुपए देने पर सहमति बनी। शिकायत के बाद पुलिस ने कारोबारी से पूजा को फोन करवाकर रुपए का इंतजाम होने की बात कहलवाई। इसके बाद उसे होटल बुलाया गया। कारोबारी 2.50 लाख रुपए लेकर होटल पहुंचा। पुलिस ने पहले से सिविल ड्रेस में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात कर रखा था। पूजा होटल पहुंची और कारोबारी से रुपए लेकर बाहर निकलने लगी। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूजा के बैग से 2.50 लाख रुपए बरामद हुए हैं। कोतवाली थाना पुलिस ने पूजा रैदास के खिलाफ धारा 308-2, 308-6 और 351-2 के तहत मामला दर्ज किया है। सीएसपी अखिलेश गौर के मुताबिक, महिला को गिरफ्तार करने के बाद उसके परिवार को सूचना दे दी गई है। 
ऐसे हुई थी मुलाकात-
सार्थक ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया और डांस प्रोग्राम के जरिए मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। पूजा अपनी पारिवारिक स्थिति बताते हुए उससे आर्थिक मदद मांगती थी। कारोबारी के मुताबिक, वह उसकी मदद करता रहा और कई बार उसे छोडऩे बिरसिंहपुर भी गया। पूजा ने उससे प्यार करने और साथ रहने की बात कही थी। उसने खुद के विवाहित और दो बच्चों का पिता होने की जानकारी दी थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध होने का दावा किया गया।