मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से सत्ता के नशे में चूर नेता जी की हनक और दबंगई की एक अजीबोगरीब तस्वीर सामने आई है। यहाँ खरगापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक भाजपा नेता ने अस्पताल के नियमों और सुरक्षा को ताक पर रखते हुए बुजुर्गों व दिव्यांग मरीजों के लिए बने रैंप पर धड़ल्ले से अपनी ई-बाइक दौड़ा दी। गार्ड के बार-बार मना करने के बावजूद नेता जी नहीं माने और अस्पताल के अंदर तक गाड़ी ले गए।
गार्ड ने रोका, फिर भी अंदर ले गए ई-बाइक
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा वाकया खरगापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है। आरोप है कि भाजपा मंडल महामंत्री प्रशांत शुक्ला अपनी ई-बाइक लेकर सीधे अस्पताल परिसर के अंदर पहुँच गए। जब मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने उन्हें रोका और मना किया, तो वे गार्ड की बात को अनसुना करते हुए ई-बाइक को सीधे उस रैंप पर ले गए जो विशेष रूप से असहाय, बुजुर्ग और स्ट्रैचर पर आने वाले मरीजों के आवागमन के लिए बनाया गया है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
अस्पताल के अंदर रैंप पर बाइक चलाने का यह पूरा घटनाक्रम परिसर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गया है। वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि किस तरह सुरक्षा नियमों की धज्जियाँ उड़ाते हुए अस्पताल के संवेदनशील क्षेत्र में वाहन चलाया जा रहा है।
अस्पताल प्रबंधन जांच में जुटा
इधर मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने घटना का संज्ञान लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई करता है।
