नई दिल्ली। UP विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को निषाद समुदाय को आश्वस्त किया कि अगर राज्य में कांग्रेस पार्टी सत्ता में आती है, तो मत्स्य पालन को कृषि का दर्जा दिया जाएगा। विश्व मत्स्य दिवस के अवसर पर ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा, “आज विश्व मत्स्य दिवस के अवसर पर मैं अपने जल वैज्ञानिक निषाद बहनों-भाइयों के लिए की गई प्रतिज्ञाओं को दोहराती हूं। मत्स्य पालन के लिए कृषि की तरह सुविधाएं दी जाएंगी। प्रियंका गांधी ने आगे कहा, ‘बालू खनन एवं मत्स्यपालन में निषादों के हक को वरीयता दी जाएगी। गोरखपुर में गुरु मछेंद्रनाथ विश्वविद्यालय का निर्माण किया जाएगा।’ इससे पहले पिछले महीने कांग्रेस नेता ने एक रैली में उत्तर प्रदेश के किसानों से संपर्क साधते हुए वादा किया था कि अगर आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सत्ता में आती है, तो मत्स्य पालन को कृषि का दर्जा मिलेगा और कृषि की सभी सुविधाएं को मिलेंगी। प्रियंका गांधी ने पिछले महीने गोरखपुर में रैली को संबोधित करते हुए अपने भाषण का संपादित वीडियो भी ट्वीट किया। उत्तर प्रदेश में 2022 की शुरुआत में चुनाव होने हैं।
प्रियंका गांधी लगातार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व वाली केंद्र व यूपी सरकार पर हमलावर हैं। वह मंहगाई, किसानों के मुद्दे और बेरोजगारी पर सरकार को कठघरे में खड़ा करने की कोशिश में जुटी हुई हैं। साथ ही साथ यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति का भी खुलासा कर चुकी हैं। उन्होंने अभी हाल ही में बताया है कि कांग्रेस 2022 के यूपी चुनाव में सभी 403 सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और चुनाव में विजयी होगी। प्रियंका गांधी वाद्रा ने किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेता 2017 के उन्नाव बलात्कार मामले और 2020 के हाथरस सामूहिक बलात्कार एवं हत्या मामले के दौरान कहीं नहीं दिखे थे जिन मामलों ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। केवल कांग्रेस ही लोगों के लिए लड़ रही थी। उनका मानना है कि बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करके ही चुनावी मुकाबला जीता जा सकता है। उन्होंने बूथ समितियों को मजबूत करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया।
