भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैक्शीनेशन को लेकर लिए गए निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि उनके इस निर्णय से राज्यों के बीच होने वाली प्रतिस्पर्धा बंद हो गयी है। चौहान ने अपने ट्वीट के जरिए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कोविड 19 वैक्सीनेशन की कमान अपने हाथों मे लेते ही राज्यों के बीच में होने वाली प्रतिस्पर्धा बंद हो गई है। सहजता के साथ और कम कीमत में राज्यों को वैक्सीन उपलब्ध होना शुरू हो गए हैं। प्रधानमंत्री के इस क्रांतिकारी निर्णय से राज्यों के 18 हजार करोड़ रुपये की बचत हुई है और अगर सिर्फ मध्यप्रदेश की बात करें तो 2300 करोड़ रुपए की बचत प्रदेश को हुई है।

  मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसंबर तक सबको टीका लगाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में यह क्रांतिकारी कदम कारगर साबित होगा। देशवासियों के हित में यह निर्णय लेने के लिये प्रधानमंत्री मोदी को हार्दिक धन्यवाद। चौहान ने कहा कि किसानों के हित में अहम निर्णय लेते हुए हमने प्रधानमंत्री मोदी की पीएम किसान सम्मान निधि योजना के साथ मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना प्रारम्भ की जिसमें चार हजार रुपए की अतिरिक्त सहायता दी जाती है। इस प्रकार प्रदेश के कृषकों को दस हजार रुपए प्राप्त होते हैं।  

नए कृषि कानूनों के अंतर्गत अब किसान अपने उत्पाद एपीएमसी मंडियों के साथ ही बाहर बेचने के लिए स्वतंत्र हैं। यह मौजूदा मंडी प्रणाली का पूरक है जिससे किसान अपनी पसंद की कीमत पर कभी भी, कहीं भी अपने उत्पाद बेच सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त नेतृत्व में कृषक बन्धुओं की आय दोगुना करने व उनके जीवनस्तर में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में सरकार द्वारा अनेक कल्याणकारी निर्णय लिए जा रहे हैं। नए कृषि कानून किसानों के लिए समृद्धि के एक नए युग की शुरुआत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *