ग्वालियर। ग्वालियर के डबरा थाना क्षेत्र के समूदन गांव स्थित एक शासकीय स्कूल में १७ मृत गायों को दफन करने का मामला प्रकाश में आया है। बताया जाता है कि गाय भूख प्यास से मर गई और उन्हें स्कूल के परिसर में ही दफन किया जा रहा था। इसका खुलासा होने पर जहां गौरक्षकों ने बीती रात दफन करते समय मौके पर विरोध किया तो आरोपी मौके पर जेसीबी छोडकर भाग गये वहीं मप्र की महिला बाल विकास मंत्री इमरती देवी और मंत्री लाखन सिंह ने १७ गौवंश की मौत की घटना को निंदनीय बताते हुए दोषियों के विरूद्ध कडी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं मृत गायों का पोस्टमार्टम भी कराया गया है।
पुलिस के अनुसार समूदन के पास हाइवे पर निर्माण कार्य चल रहा था तभी एक व्यक्ति दीपक गोस्वामी ने कॉल कर पुलिस को बताया कि समूदन स्थित शासकीय स्कूल परिसर में गायों की हत्या कर उन्हें दफन किया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि तब तक गौरक्षकों ने स्कूल को घेर रखा था जबकि आरोपी जेसीबी छोडकर मौके से भाग गये थे। पुलिस ने बाद में जेसीबी बुलाकर स्कूल की खुदाई कर जमीन में दफन १७ गायों के शव निकलवाये। पुलिस के अनुसार शव पुराने हैं। आशंका है कि भूख प्यास से तडप कर गायों की मौत हुई हो। इसके बाद आरोपियों ने शवों को छुपाने का प्रयास किया हो। पुलिस ने दीपक गोस्वामी की शिकायत पर लगभग १० आरोपियों के खिलाफ गौवंश प्रतिशेध अधिनियम २००४ की धारा ९ के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
उधर राज्य के पशुपालन मंत्री लाखन सिंह ने कहा कि समूदन में १७ गायों की मौत की घटना बेहद निंदनीय है।द्ध उन्होंने कहा कि उन्हें बीती रात ही सूचना मिली तो उन्होंने प्रशासन व पशु चिकित्सकों की टीम को मौके पर भेजा। मृत गायों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों को नहीं बख्शा जायेगा।
डबरा के पास स्थित समूदन में गायों के मरने की घटना को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी ने सम्पूर्ण घटना की जाँच अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डबरा श्री राघवेन्द्र पाण्डेय को सौंपी है। उन्होंने सम्पूर्ण प्रकरण की जाँच तीन दिवस में करने के निर्देश दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी, पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन, सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम वर्मा एवं एसडीएम श्री राघवेन्द्र पाण्डेय समूदन पहुँचे। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती इमरती देवी एवं जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष श्री मोहन सिंह राठौर ने भी समूदन पहुँचकर घटना की जानकारी ली और उक्त घटना में सभी दोषियों के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए कलेक्टर अनुराग चौधरी ने एसडीएम राघवेन्द्र पाण्डेय को जांच सौंप दी है।
गुरूवार की देर शाम कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक समूदन पहुँचे। उन्होंने शाला प्रांगण में उपस्थित एसडीएम, तहसीलदार, पंच, सरपंच, महिला एवं बाल विकास के मैदानी अधिकारियों, शिक्षकों, थाना प्रभारी एवं अन्य लोगों से घटना की विस्तार से जानकारी ली है। इसके साथ ही शाला प्रांगण में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र, जनमित्र केन्द्र के प्रभारियों से भी घटना की जानकारी प्राप्त की है। कलेक्टर अनुराग चौधरी ने एसडीएम श्री राघवेन्द्र पाण्डेय को सम्पूर्ण घटना की जाँच कर तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
