
भोपाल। उत्तरप्रदेश के प्रयागराज (इलाहाबाद) की दीक्षा अग्रवाल और मध्यप्रदेश भोपाल के ऋतुराज सिंह राजपूत की लव मैरिज का मामला सुलझने के बजाए उलझता जा रहा है। रविवार को दीक्षा के पिता पवन अग्रवाल की शिकायत पर थाना सिविल लाइन, इलाहाबाद में ऋतुराज सिंह, उनके पिता बीके राजपूत और मां राजूदेवी सिंह के खिलाफ अपहरण और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। इधर, बीके राजपूत और उनकी पत्नी के साथ दीक्षा के परिजनों द्वारा घर में घुसकर की अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आवेदन पुलिस ने बमुश्किल लिया है।
घर से भागी दीक्षा के पिता का आरोप है 30 लाख का सोना और दो लाख लेकर घर से निकली है बेटी पवन अग्रवाल द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में यह बताया कि उनकी बेटी दीक्षा के नाम करोड़ों की संपत्ति है। पिछले कुछ दिनों से वह परेशान थी। पूछने पर वह कुछ नहीं बताती थी। दीक्षा 5 जुलाई को सुबह बाजार के लिए निकली थी। दोपहर तक वापस नहीं आई तो उसकी तलाश की गई। तभी पता चला कि राजहर्ष कॉलोनी निवासी ऋतुराज मेरी बेटी को बहला फुसलाकर अपहरण करके ले गया है। वह उसकी करोड़ों रुपए की संपत्ति हड़पना चाहता है।
बेटी घर में रखे 30 लाख रुपए के जेवर और दो लाख रुपए नगदी अपने साथ लेकर गई है। बेटी को भगाने में ऋतुराज के साथ उसके पिता बीके राजपूत और मां राजूदेवी का भी हाथ है। दीक्षा का मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। एफआईआर में बताया कि 10 जुलाई को भोपाल स्थित ऋतुराज के घर पहुंचे और बेटी से मिलाने का आग्रह किया, तो उन्होंने मना कर दिया। आरोप है कि बीके राजपूत ने उन्हें धमकी दी थी कि यदि कहीं कोई शिकायत की तो बेटी की हत्या करवाकर लाश गायब कर देंगे। पवन अग्रवाल ने 13 जुलाई को एसएसपी प्रयागराज को आवेदन दिया था। इसके बाद रविवार को पुलिस ने ऋतुराज, बीके राजपूत और राजूदेवी के खिलाफ आईपीसी की धारा 363, 366, 504, 506 में एफआईआर दर्ज की है।
उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि दोनों के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत उससे अवगत कराया जाएगा। इसके बाद 13 जुलाई को पवन अग्रवाल के साथ 20-30 लोग उनके घर आए और अभद्रता करते हुए जबरदस्ती घर में घुसने का प्रयास करने लगे। जिससे मेरी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल आईसीयू में भर्ती करना पड़ा। इस दौरान सभी लोग जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। राजपूत का कहना है कि उन्हें मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताडित किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
