जबलपुर. पुलिस की नौकरी की झूठी शान पाने के चक्कर में जबलपुर की एक महिला बुरी फंसी है। महिला करीब 4 साल से झूठ बोलकर सब इंस्पेक्टर बनकर घूम रही थी। लेकिन उसके पिता द्वारा एसपी को लिखी गई चिट्ठी ने ही उसके नाटक की पूरी पोल खोल दी और हवालात पहुंचा दिया।
माधवनगर पुलिस के मुताबिक जबलपुर के कांचघर निवासी गेंदालाल गौटिया ने पिछले दिनों कटनी पुलिस अधीक्षक को एक पत्र लिखा था। शिकायत पत्र में लिखा गया कि उनकी 27 वर्षीय बेटी संजना गौंटिया एसआई के पद पर कटनी पुलिस विभाग में कार्यरत है। लेकिन लंबे समय से उसे वेतन नहीं मिल रहा है। पिता ने एसपी से गुहार लगाई कि उसका वेतन जिसने भी रोका है, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
पिता गेंदालाल गौटिया की शिकायत पर जब एसपी ने जांच के निर्देश दिए, तो पता चला कि इस नाम की कोई महिला सब इंस्पेक्टर है ही नहीं। पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आई, जांच में पता चला कि महिला फर्जी सब इंस्पेक्टर बनकर घूमा करती थी। इसके बाद कटनी की माधवनगर पुलिस द्वारा महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। महिला के पास से खाकी वर्दी, टोपी, नेम प्लेट, नीली व्हीसल डोरी, ब्राउन बेल्ट, मप्रपु का मोनो, जूता, बैरेट कैप को जब्त कर लिया गया है।
माधवनगर पुलिस के मुताबिक महिला ने 2017 में सब इंस्पेक्टर की भर्ती परीक्षा दी थी, लेकिन वह फेल हो गई थी। इसके बाद भी उसने झूठी शान के चक्कर में अपने घरवालों और पड़ोसियों को बताया कि उसका चयन हो गया है। इसके बाद ट्रेनिंग के नाम पर वह करीब डेढ़ साल तक सागर में रही। यहां उसने हॉस्टल का कमरा लिया और लगातार घरवालों से झूठ बोला। हद तो तब हो गई जब सागर से लौटने के बाद उसने अपने पिता को कहा कि उसकी पोस्टिंग कटनी में हो गई है।
पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया कि वह कटनी पोस्टिंग के बाद रोज ट्रेन से जबलपुर अप-डाउन करती थी। आने-जाने के दौरान वह बाकायदा पुलिस की वर्दी पहनकर निकलती थी। पुलिस ने इस मामले को जांच में लिया है, जिसके बाद महिला पर कार्रवाई की जाएगी।
