इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के टॉवर चौराहा क्षेत्र में सोमवार रात एक टायर गोदाम में भीषण आग लग गई। आग का धुआं पास मौजूद एक निजी अस्पताल में घुस गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। धुआं ऊपरी मंजिल पर बने आईसीयू सहित अन्य वार्डों में भर गया। जिससे मरीजों को दिक्कत होने लगी। पुलिस ने स्टाफ और परिजनों की मदद से मरीजों को अन्य जगहों पर शिफ्ट करवाया। कुछ मरीजों की हालत गंभीर होने पर सुरक्षा की दृष्टि से उन्हें दूसरे अस्पताल में रैफर कर दिया गया। घंटों की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।

मिली जानकारी अनुसार एप्पल अस्पताल के पीछे एक टायर गोदाम में आग लगी थी। टायरों के चपेट में आते ही आग ने पलभर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में आग की लपटें उठती देख यहां से गुजर रहे लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर टीम को सूचना दी। जब तक टीम पहुंची जल रहे टायरों से उठे धुएं से पूरे अस्पताल को चपेट में ले लिया। धुआं आईसीयू वार्ड के साथ ही अन्य वार्डों में भी घुस गया। धुएं के चलते आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों सहित अन्य मरीजों को परेशानी होने लगी। अफरा-तफरी के माहौल के बीच स्टाफ और परिजनों ने तत्काल मरीजों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया।

भंवरकुआं सीएसपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि रात करीब 10 बजे आग की सूचना के बाद टीआई संजय शुक्ला और टीम के साथ हम मौके पर पहुंचे। यहां टायर गोदाम में आग लगने की वजह से वह विकराल होती जा रही थी। टायर जलने से निकल रहा धुआं पास मौजूद एप्पल हॉस्पिटल में घुस रहा था। सबसे पहले हमने फायर टीम और जवानों की मदद से उक्त गोडाऊन के आसपास के गोडाऊन को खाली कराया। साथ ही चौकीदार को यहां से सुरक्षित निकाला, उसके कमरे में रखे गैस सिलेंडर को तत्काल दूर करवाया। इसके बाद धुएं से परेशान हो रहे मरीजों की मदद के लिए अस्पताल पहुंचे और उन्हें सभी की मदद से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण अभी साफ नहीं हुआ है, संभवतरू फटाखों के चलते आग कचरे में लगी हो और गोडाउन तक पहुंची हो। हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *