गुना। कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों की वजह से गुना जिला प्रशासन ने एक बार फिर लॉकडाउन का निर्णय लिया है। अब जिले में शुक्रवार की रात 8 बजे से सोमवार की सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन रहेगा, जिसमें शनिवार और रविवार पूरी तरह लॉकडाउन होगा। शादी समारोह में बरात अब बिना बैंडबाजों के निकलेगी। मैरिज गार्डन में समारोह में लड़की पक्ष के 25 और लड़का पक्ष के भी 25 लोग ही शामिल हो सकेंगे। एसडीएम और तहसीलदार विवाह स्थलों का निरीक्षण करेंगे। अगर 50 से ज्यादा लोग शामिल होते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने बुधवार की दोपहर जिले में दो दिन लॉकडाउन लगाने का आदेश जारी कर दिया है। दरअसल, गुना में अप्रैल के पहले सप्ताह में 6 दिनों के भीतर 205 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। 

कलेक्टर का कहना है कि शराब के अहाते आगामी आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। शराब की दुकानों के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग रहेगी। पुलिस की निगरानी की जाएगी। कंटेनमेंंट जोन में कोरोना संक्रमित के परिजनों को भी आइसोलेट किया जाएगा। अगर उनके परिजन बाजार में घूमते मिलते हैं, तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। आरटीओ भी बसों की सघन चेकिंग करेंगे। मास्क ना पहनने वाले लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करेंगे। शहर में चलने वाले ऑटो पर भी ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग की नजर रहेगी। अगर ऑटो में अधिक सवारियां बैठी मिलती है तो संबंधित ऑटो चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

राघाैगढ़ का बाजार 8 बजे बंद होगा 
नगर पालिका राघाैगढ़ में लोग कोरोना प्रोटोकॉल्स काे फॉलो नहीं कर रहे हैं। कलेक्टर ने बुधवार को निर्देश जारी कर कहा है कि राघाैगढ़ का बाजार भी अब हर रोज 8 बजे बंद कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *