ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में हुई लूट की चार वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों का पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने पकड लिया है।
ग्वालियर पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने बताया कि लुटेरों के संबंध में सूचना मिली थी कि ग्वालियर शहर में हुई लूट की वारदातों में प्रॉपर्टी का काम करने वाले धर्मेन्द्र जाट निवासी गुडा-गुडी का नाका, लश्कर जिला ग्वालियर शामिल हो सकता है। रत्नेश तोमर, उप पुलिस अधीक्षक अपराध के नेतृत्व में संदिग्ध लुटेरे धर्मेन्द्र जाट पुत्र वी.पी. सिंह उम्र 35 साल निवासी गुडा-गडुी का नाका को अपनी गिरफ्त में लेकर पूछताछ की तो उसके द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। क्राईम ब्रांच टीम ने इसके पास से लूट की घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार क्रमांक एमपी07-सीई-2185 और 1लाख 16 हजार रूपये बरामद किये।
एसपी भसीन ने बताया कि क्राईम ब्रांच टीम को सूचना मिली कि गिरोह का मुख्य शॉर्प शूटर बडा गांव के पास देखा गया ह,ै जो शहर से भागने की फिराक में है। सूचना पर क्राईम ब्रांच टीम द्वारा बडागांव के पास बिजौली रोड पर घेराबंदी की, तभी बाइक पर एक बदमाश आता दिखा जो पुलिस को देखकर भागने लगा क्राईम ब्रांच टीम द्वारा उसका पीछा किया तो उसने पुलिस पर गोलियां चला दी । आत्मरक्षार्थ पुलिस को भी गोली चलानी पडी जो बदमाश के पैर में लगी। पूछताछ में उसने अपना नाम नवीन शर्मा पुत्र राजेन्द्रप्रसाद शर्मा उम्र 25 साल निवासी सिंधिया नगर थाना विश्वविद्यालय मूल निवासी ग्राम केलिया थाना केलिया जिला जालौन बताया। मौके से पुलिस ने मोटर सायकिल ब्लेक रंग की बरामद की इसके साथ ही एक 32 बोर की पिस्टल व 4 जिंदा राउण्ड बरामद किये। पूछताछ में पता चला कि शहर में हुई लूट की तीनों वारदातों में शॉर्प शूटर नवीन शर्मा द्वारा ही गोली चलाकर दहशत फैलाई थी। बारदात को अंजाम देकर यह अपने धंधे पानी में लग जाता था।
ज्ञात हो कि 23 अक्टूबर की सुबह सिटी सेंटर स्थित एसबीआई बैंक परिसर में पीताम्बरा गैस के मुनीम वासुदेव शर्मा को 3 लुटेरों द्वारा गोली मार कर 4 लाख 50 हजार रूपये लूट कर शहर में सनसनी फैला दी थी। पूछताछ में बदमाशों ने 6 जुलाई को सीएमएसकंपनी की कैशवेन में लूटकी घटना करना स्वीकार किया है। आरोपियों ने वैन के सुरक्षा गार्ड रमेश सिंह तोमर को गोली मारकर हत्या कर 8 लाख 28 हजार रूपयों से भरा बैग व 12 बोर की इकनाली बंदूक लूट कर फरार हो गये थे। यह घटना शिवपुरी लिंक रोड पर ई-कार्ट कंपनी के कार्यालय के सामने नवीन शर्मा, धर्मेन्द्र जाट, नबाव गुर्जर, तपेश पंण्डित, आकाश जाट और राज बाल्मिक ने मिलकर की थी। क्राईम टीम द्वारा आज लुटेरे नवाब गुर्जर पुत्र जहान सिंह गुर्जर निवासी ग्राम नागौर थाना बिलौआ जिला ग्वालियर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गार्ड से लूटी गई 12 बोर की बंदूक बरामद की है। लुटेरे द्वारा अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिये भागने का प्रयास किया उसी दौरान गिरने से आरोपी के हाथ में चोट आई तभी पुलिस टीम ने धर दबोचा। लुटेरों की इस गैंग ने 7 मई 2018 को थाना विश्वविद्यालय क्षेत्र में सिंडीकेट बैंक के पास से फरियादी अवधेश सिंह राजावत से 24 लाख 20 हजार से अधिक की रकम लूट कर ले गये थे, जिसमे उक्त आरोपी शामिल थे। लूट कर भागे बदमाशों को सालासर के पास पुलिस जवानों द्वारा रोकने का प्रयास किया गया था तो लूटेरों द्वारा मोटर सायकिल पल्सर से पुलिस जवानों पर फायर कर भाग गये थे।वहीं गत 30अप्रैल को थाना कोतवाली क्षेत्र में शताब्दी कॉम्पलेक्स हुजरात पुल के पास फरियादी मनोज मंगल की एक्टिवा में टक्कर मारकर दो बदमाश 4 लाख रूपये छीन कर फरार हो गये थे, जो कि उक्त गैंग द्वारा ही लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। आज ही पुलिस द्वारा आकाश जाट एवं तपेश कुमार गौतम उर्फ टीटू पण्डित को गुडा-गुढी के नाका से धर दबोचा। इनके द्वारा शहर में लूट की बारदातें करना स्वीकार किया गया है। पकडे गए बदमाशों का पुलिस रिमाण्ड लिया गया है। इनसे लूटी गई राशि के अलग और लूटों का खुलासा करवाना है।
