ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शनिवार सुबह लंबे अरसे बाद एक विचित्र और संतोषप्रद दृश्य देखने को मिला जब भारतीय जनता पार्टी की संस्थापक सदस्यों में से एक रही स्वर्गीय राजमाता विजयाराजे सिंधिया की शताब्दी जयंती के मौके पर उनकी बेटियां वसुंधरा राजे सिंधिया यशोधरा राजे सिंधिया के अलावा नाती एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करने सिंधिया राजवंश की छत्री पहुंचे । श्रद्धांजलि सभा में भाजपा और कांग्रेस के ग्वालियर चंबल संभाग कई कार्यकर्ता भी अपने नेताओं के साथ पहुंचे थे। बुआ भतीजे यानी वसुन्धरा राजे और ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रार्थना सभा के दौरान काफी देर तक आपस में बात करते दिखे । राजमाता को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद वसुंधरा राजे और यशोधरा राजे अपने बड़े भाई स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की समाधि पर पहुंची और उन्हें भी पुष्पांजलि अर्पित की।
इस मौके पर ज्योतिरादित्य सिंधिया वसुंधरा राजे सिंधिया और यशोधरा राजे सिंधिया राजमाता के बारे में ही बात की और उन्हें एक महान जनसेवक बताया इस मौके पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सिंधिया परिवार के लोगों ने कभी भी ग्वालियर चंबल संभाग की जनता को अपने परिवार से अलग नहीं समझा। राजमाता ने हमेशा दीन दुखियों और आम लोगों की सेवा की। यही कहना वसुंधरा राजे और यशोधरा राजे का भी था। उन्होंने राजमाता सिंधिया को जनता का सच्चा हितैषी बताया इस मौके पर उन्होंने किसी भी राजनैतिक प्रश्न का उत्तर नहीं दिया।
