ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड देहात थाना क्षेत्र के शहर से लगे ग्राम मानपुरा में एक नाबालिंग छात्रा ने अपने ही घर पर खुद को कमरे में बंद कर आग लगा ली। परिजन ने कमरे का दरवाजा तोडकर आग बुझाई और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए, लेकिन डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि किशोरी को पिछले कुछ महीने से कुछ लडके लगातार छेड रहे थे। इन लडकों ने उसे जबरन मोबाइल भी थमाया था, जिसकी शिकायत उसने अपने परिजन से की थी। अंततः तंग आकर छात्रा ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

जानकारी के मुताबिक मानपुरा में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा ने शनिवार को अपने ही घर में खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। परिजन को जैसे ही पता चला उन्होंने दरवाजा तोडा और आग बुझाई। आनन फानन में उसे वे जिला अस्पताल लेकर आए, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर भिण्ड देहात पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही मृतिका के शव का पीएम कराकर परिजन के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

छात्रा ने इसी साल बीए में एडमिशन लिया था, छेडछाड से इतनी भयभीत थी कि छात्रा ने कोचिंग जाना भी छोड दिया था। बताया जा रहा है कि मृतका को लगातार लडके तंग कर रहे थे, लेकिन वह चुपचाप सब कुछ सहन कर रही थी। अभी कुछ दिन पहले छात्रा बाजार गई तभी लडके उसे जबरन पकड ले गए और उसके साथ दुष्कर्म की घटना कर दी। छात्रा यह बेइज्जती सहन नहीं कर पाई। दो महीने पहले जब छेडछाड करने वाले लडकों ने छात्रा को जबरन मोबाइल फोन थमा दिया, तब उसने घरवालों को यह बात बताई। इसके बाद छात्रा के परिजन उन लडकों के यहां शिकायत करने भी पहुंचे। हालांकि उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस में नहीं की। वहीं लडकों के परिजन ने आश्वासन दिया था कि भविष्य में लडके उनकी लडकी को परेशान नहीं करेंगे।

मृतका ने इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा पास की थी। साथ ही ग्रेज्युएशन (बीए) के लिए एडमिशन लिया था, लेकिन कुछ लडकों की छेडखानी की वजह से उसने कोचिंग जाना भी छोड दिया था। इन लडकों की वजह से वह हमेशा डरी सहमी सी रहती थी। उसने नाते-रिश्तदारी में भी जाना कम कर दिया था। आखिरकार इसी छेडखानी ने उसकी जान ले ली।

मृतका के ताऊ ने बताया कि उनकी भतीजी को पिछले कुछ महीनों से कुछ लडके परेशान कर रहे थे। कोचिंग जाते समय वे उससे सरे बाजार अश्लील हरकत करते थे। उन्होंने परेशान करने वाले लडकों के नाम जीतू चौहान, राहुल शर्मा और उमेश बघेल बताए हैं। इस संबंध में उन्होंने शनिवार को घर पर जांच करने आए पुलिसकर्मियों से भी शिकायत की है।

मृतका के परिजन के मुताबिक जब उन्होंने लडकों के यहां शिकायत की, उसके बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन 15-20 दिन बाद लडके फिर छात्रा को तंग करने लगे। शुक्रवार की शाम वे फिर से घर की छत पर मोबाइल फेंक गए थे, जिससे छात्रा और परेशान हो गई। उसने यह शिकायत भी घरवालों से की थी। इसके बाद घरवालों ने सुबह लड़कों से बात करने की कही थी। मृतिका के परिजन के मुताबिक मोबाइल में जो नंबर है, वह ट्रू कॉलर एप पर दिनेश एम नाम बता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *