जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर के विजय नगर क्षेत्र में नकली सोने के बिस्किट थमाकर 14 लाख 70 हजार की ठगी करने वालों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को यह ठगी गोहलपुर निवासी मुकुल पटेल के साथ हुई थी। उन्हें गुजरात के अहमदाबाद से व्यापारी बनकर आए 4 लोगों ने बाजार से कम भाव में सोने के बिस्किट देने का लालच दिया था।

विजय नगर थाना प्रभारी सोमा मलिक ने बताया कि अम्बेडकर कालोनी शांति नगर गोहलपुर निवासी मुकुल पटेल ने लिखित शिकायत की थी कि कुछ समय पूर्व उसके पास जगदीश मोनानी निवासी अहमदाबाद सोने का व्यापारी बनकर आया था और उसने बाजार मूल्य से काफी कम भाव में सोना बेचने की पेशकश की थी। 13 अप्रैल को सुबह 8 बजे जगदीश मोनानी ने मुकुल को फोन करके बताया कि वह 1 किलो 900 ग्राम सोने के बिस्किट लेकर आया है, जिसे 14 लाख 70 हजार में बेचना चाहता है।

मुख्य आरोपी जगदीश पर भरोसा करते हुए मुकुल ने अपने ससुर से 7 लाख, मामा से 3 लाख, भाई से 2 लाख लेकर कुल 14 लाख 70 हजार रुपए का इंतजाम कर लिया और पैसा लेकर दीनदयाल चैक नेमा हॉस्पिटल के बाजू मे बुलाकर अपने एक आदमी को आरोपी के पास भेजा। वहां मुकुल के आदमी को आरोपी ने 2 बैग दिए, दोनों बैगों में सोने के 19 बिस्किट थे लेकिन जब सोने के बिस्किट चैक किए तो सारे के सारे नकली पाए गए। विजय नगर पुलिस ने नकली सोने के 19 बिस्टिक जप्त करते हुए शिकायत पर धारा 420, 34 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी थी।

विजय नगर थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी जबलपुर एसपी को दी। इसके बाद एसपी के निर्देश पर अति. पुलिस अधीक्षक (दक्षिण अपराध) गोपाल खांडेल व नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा तुषार सिंह के मार्गदर्शन में विजय नगर थाना और क्राइम ब्रांच की टीम गठित की गई। गठित टीम के द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर आरोपियों द्वारा इस्तेमाल एक एसेंट कार का पता चला। सीसीटीव फुटेल के आधार पर सभी जिलों में इसकी सूचना दे दी गई। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर स्कीम नं-41 बसा गांव रोड के पास एसेंट कार क्रमांक एमएच 04 जेयू 5666 को पकड़ा गया, जिसमें चार आरोपी सवार थे।

पकड़े गए आरोपी में जगदीश मोनानी 35 वर्ष निवासी देवी माता मंदिर के पीछे थाना बटवा, अहमदाबाद (गुजरात), पीरजादा एम. 36 वर्ष निवासी द्वारका नगर (गुजरात), जाकिर हुसैन खान 40 वर्ष निवासी थाना डाईघर, जिला ठाणे मुम्बई (महाराष्ट्र) , मोहसीन दस्तयाबी शेख 25 वर्ष निवासी सांईनगर ,ठाणे, वेस्ट (महाराष्ट्र) शामिल थे। चारों को अभिरक्षा में लेकर जब पूछताछ की गई तो उन्होंने मुकुल पटेल को नकली सोने के बिस्किट बेचने का जुर्म कबूला। उनके कब्जे से 14 लाख 70 हजार में से 14 लाख 60 हजार रु की राशि भी जब्त कर ली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *